शामली

ट्यूबवेलों पर चोरों का धावा, किसानों में दहशत।

लाव्वादाउदपुर में एक ही रात कई वारदातें, केविल-स्टार्टर और दवाइयाँ साफ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। क्षेत्र में ट्यूबवेल चोरी की घटनाएँ थमने का नाम नहीं ले रहीं। रविवार रात में बदमाशों ने कई किसानों के ट्यूबवेलों को निशाना बनाकर हजारों रुपये का सामान चोरी कर लिया। लगातार बढ़ रही वारदातों से किसानों में गहरा भय और रोष है।
  चौसाना क्षेत्र के लाव्वादाउदपुर में रविवार देर रात बदमाशों ने शुभम के खेत स्थित ट्यूबवेल की दीवार फाड़ दी। वहां से करीब 50 मीटर केविल, स्टार्टर और कीटनाशक दवाइयाँ चोरी कर ली गईं। वहीं पास ही मुकेश के ट्यूबवेल का ताला तोड़कर लगभग 20 मीटर केविल और स्टार्टर उड़ा ले गए। मुकेश के यहां दो महीने के भीतर यह दूसरी चोरी बताई जा रही है।
दीपक के ट्यूबवेल को भी चोरों ने नहीं छोड़ा। ताला तोड़कर केविल और स्टार्टर चोरी कर लिया गया। किसान सन्नी और बिल्ला के ट्यूबवेल भी बदमाशों के निशाने पर रहे। उनके यहां पंद्रह दिनों के भीतर दो बार चोरी हो चुकी है, जिससे खेती का काम बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
 सोमवार सुबह जब किसान खेतों पर पहुंचे तो टूटे ताले, उखड़ी दीवारें और बिखरा सामान देखकर सन्न रह गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सभी पीड़ित किसानों ने चौसाना चौकी पर अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द गश्त और सख्ती नहीं बढ़ाई गई तो चोरियों पर लगाम लगना मुश्किल है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button