नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। थाना पूराकलां क्षेत्र के ग्राम नथौनीखेड़ा मजरा बसेरा में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक के साथ मारपीट और गाली-गलौज का मामला सामने आया है। पीडि़त की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीडि़त नत्थीखेड़ा के मजरा बसेरा निवासी घनश्याम पुत्र मानलाल ने बताया कि 8 फरवरी 2026 की शाम करीब 7.30 बजे वह अपने घर के बाहर कच्चे रास्ते पर खड़ा था। इसी दौरान पुरानी रंजिश को लेकर गांव के ही जितमान लोधी और ललित लोधी पुत्रगण घनराज उर्फ पप्पू वहां पहुंचे और लाठी-डंडों व लात-घूंसों से उसके साथ मारपीट की। मारपीट में उसे चोटें आईं। आरोप है कि हमलावरों ने उसकी मां-बहन के खिलाफ भी अभद्र भाषा का प्रयोग किया और थाने में रिपोर्ट करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी। घटना की सूचना पर थाना पुलिस ने उक्त लोगों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत एफआईआर पंजीकृत की है।



