नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों एवं किसानों ने बुधवार को विभिन्न ज्वलंत समस्याओं को लेकर कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र समाधान की मांग की। किसानों ने फसल बीमा भुगतान, भूमि वर्गीकरण, वन्यजीवों से हो रहे नुकसान, सड़कों की बदहाली और मंडी से जुड़ी अव्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया। ज्ञापन में बताया कि खरीफ फसल वर्ष 2025 का बकाया फसल बीमा अब तक किसानों को नहीं मिल पाया है, जिसे अविलंब दिलाया जाए। इसके साथ ही खरीफ फसल 2019 में बैंकों की लापरवाही के कारण लगभग 3500 किसानों का बीमा पोर्टल पर अपलोड नहीं हो सका, जिससे उनका बीमा आज तक लंबित है। किसानों ने मांग की कि ऐसे सभी मामलों की जांच कर संबंधित किसानों को बीमा लाभ दिलाया जाए। वहीं खरीफ फसल 2024 में लगभग 75 प्रतिशत फसल नष्ट होने के बावजूद किसानों को नाममात्र का बीमा भुगतान किया गया, जिसकी निष्पक्ष जांच कर पूर्ण बीमा राशि दिलाने की मांग उठाई गई।
किसानों ने भूमि संबंधी समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। वर्ष 2016 के शासनादेश के बावजूद वर्ग-3 की भूमि को अब तक भूमिधरी घोषित नहीं किया गया है। मांग की कि वर्ग-3 की भूमि को वर्ग-2 तथा वर्ग-2 की भूमि को वर्ग-1 में परिवर्तित किया जाए, जिससे किसानों को अधिकार और योजनाओं का लाभ मिल सके। इसके अलावा नई खतौनियों में कई किसानों के अंश कम दर्शाए जाने की शिकायत करते हुए इस गड़बड़ी को तत्काल दुरुस्त करने की मांग की गई। ज्ञापन में बताया गया कि किसानों की फसलों को जंगली जानवरों, बंदरों एवं वन्य जीवों से भारी नुकसान हो रहा है। रात में खेतों की रखवाली के बावजूद फसलें सुरक्षित नहीं रह पा रही हैं। ऐसे में फसल की वास्तविक पैदावार के अनुसार किसानों को मुआवजा दिया जाए। इन्फ्रास्ट्रक्चर और मंडी व्यवस्था को लेकर भी कई मांगें रखी गईं। ललितपुर से दैलवारा होते हुए जखौरा जाने वाले मार्ग का चौड़ीकरण व निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने, अन्य ग्रामीण सड़कों की मरम्मत कराने, जैन कृषि उत्पादन मंडी में नीलामी चबूतरों को खाली कराने तथा गल्ला मंडी स्थित किसान रैन बसेरे की साफ-सफाई के साथ जलपान एवं भोजनालय की व्यवस्था कराने की मांग की गई। इसके अलावा दिलवाड़ा स्टेशन गेट से ग्राम दैलवारा के मोहल्ला सिद्धपुरा तक सड़क संपर्क मार्ग बनाने और अमरपुर तक स्वीकृत पक्की सड़क का निर्माण शीघ्र कराने की मांग उठाई गई। किसानों ने बताया कि मंडी परिषद को सौंपे गए कार्यों के अंतर्गत दिलवाड़ा गांव से स्टेशन रोड तक मरम्मत अब तक नहीं हो सकी है, जिसे जल्द पूरा किया जाए। किसान संघ ने यह भी कहा कि जनपद में बने बांधों के कारण हजारों किसानों की भूमि अधिग्रहित हो चुकी है, लेकिन उन्हें अब तक मुआवजा नहीं मिला है। इस मुआवजे का तत्काल भुगतान कराया जाए। साथ ही गेंहू क्रय केन्द्र एवं चना, मसूर, मटर के क्रय केंद्र 15 मार्च से शुरू किए जाने की मांग भी रखी गई। इन सभी मांगों को लेकर किसानों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। ज्ञापन सौंपते समय भारतीय किसान संघ के जिला अध्यक्ष पुष्पेंद्र सिंह बुंदेला, प्रांत उपाध्यक्ष के सिंह बुंदेला, जिला अध्यक्ष रामपाल सिंह बुंदेला, भगवत सिंह, सहारन सिंह, हरपाल सिंह प्रजापति, विजय सिंह, बिट्टू यादव, रामपाल, हरीराम, विक्रम सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

