ललितपुर

4 मार्च से भव्य श्री पंचकल्याणक प्रतिष्ठा एवं गजरथ महामहोत्सव का शुभारंभ

मुनिश्री सुधा सागर जी महाराज ससंघ का रहेगा मंगल सानिध्य

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। श्री 1008 शांतिनाथ दिगम्बर जैन सतोदय तीर्थ क्षेत्र, सेरोंन जी में आगामी 4 मार्च से 8 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाले श्रीपंचकल्याणक प्रतिष्ठा समारोह एवं गजरथ महामहोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। यह भव्य धार्मिक आयोजन समाधि सम्राट आचार्य श्रीविद्यासागर जी महाराज एवं नवाचार्य आचार्य श्री समय सागर के मंगल आशीर्वाद से तथा उनके परम प्रभावक शिष्य जगत पूज्य निर्यातक संत मुनिश्री सुधा सागर जी महाराज ससंघ के पावन सानिध्य में संपन्न होगा। प्रतिष्ठाचार्य बाल ब्रह्मचारी प्रदीप भैय्या (सुयश), अशोक नगर के कुशल निर्देशन में आयोजित इस महामहोत्सव को लेकर आयोजन समिति द्वारा शासन-प्रशासन, जनप्रतिनिधियों एवं समाज के श्रेष्ठीजनों से संपर्क प्रारंभ कर दिया गया है। इस दौरान प्रभारी मंत्री, राज्यमंत्री, क्षेत्रीय सांसद, पूर्व केन्द्रीय मंत्री, पूर्व राज्यमंत्री, सदर विधायक, भाजपा जिलाध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष, नगर पालिका ईओ, विद्युत विभाग, जल संस्थान एवं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों सहित समस्त समाजसेवी संगठनों और श्रद्धालुजनों को सम्मानपूर्वक आमंत्रित किया गया है। प्रचार मंत्री रवि जैन चुनगी ने जानकारी देते हुए बताया कि आयोजन को सफल एवं सुव्यवस्थित बनाने हेतु श्री सतोदय तीर्थ क्षेत्र कमेटी सेरोंन जी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें महामहिम सिंधई आनंद जैन (बबीना), अध्यक्ष सतीश जैन (बंटी बजाज), महामंत्री सिंधई मनोज जैन (बबीना), कोषाध्यक्ष विजय जैन (लागौन) सहित समिति के अन्य पदाधिकारियों व सदस्यों ने विस्तृत विचार-विमर्श किया। बैठक में श्रद्धालुओं के लिए शुद्ध भोजन, बेहतर आवास व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, सुरक्षा एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने हेतु विभिन्न सहयोगी उप-समितियों का गठन किया गया, जिन्हें आयोजन स्थल पर आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी सौंपी गई है। आयोजन स्थल श्री 1008 शांतिनाथ दिगम्बर जैन सतोदय तीर्थ क्षेत्र, सेरोंन जी (ललितपुर) में तैयारियों का प्रतिदिन निरीक्षण किया जा रहा है, जिससे इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन को भव्य, दिव्य एवं स्मरणीय बनाया जा सकें।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button