बरेली
पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं के खिलाफ एनएचएआई घोटाले में भेजा गया संशोधित आरोपपत्र
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। बरेली-सितारगंज हाईवे और रिंग रोड के लिए भू अधिग्रहण घोटाले में पीडब्ल्यूडी के अभियंताओं के नाम जल्दी ही आरोपपत्र जारी होगा। पीडब्ल्यूडी मुख्यालय की आपत्तियों को दूर कर मुख्य अभियंता अजय कुमार ने संशोधित आरोप पत्र मुख्यालय को भेजा है। मुख्यालय में परीक्षण के दौरान इसमें कोई कमी न पाई गई तो प्रथम दृष्टया जिम्मेदार पाए गए अभियंताओं के खिलाफ आरोपपत्र जारी होगा। अभियंताओं से जवाब लेने के बाद कार्रवाई का खाका तय होगा।
बरेली-सितारगंज हाईवे और रिंग रोड के लिए अधिग्रहीत की जाने वाली भूमि पर बने ढांचों के मूल्यांकन में हेराफेरी की गई थी। इसी मूल्यांकन रिपोर्ट का सत्यापन लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं ने किया था। जब कमिश्नर और डीएम ने जांच कराई तो पूरा खेल खुला। इसमें अभियंता भी जिम्मेदार पाए गए। प्रकरण शासन स्तर तक पहुंचा तो सहायक अभियंता स्नेहलता श्रीवास्तव, अवर अभियंता राकेश कुमार, अंकित सक्सेना और सुरेंद्र सिंह व अमीन शिवशंकर को निलंबित किया गया था।
निलंबन के खिलाफ दो अभियंता कोर्ट गए और बहाली का आदेश ले आए। हालांकि, कोई अभी बहाल नहीं हुआ है। तत्कालीन अधिशासी अभियंता नारायण सिंह को भी जिम्मेदार माना गया है। उनके खिलाफ भी चार्जशीट तैयार हो रही है।



