शामली

जिला स्तरीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन 

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।

शामली। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय भारत सरकार तथा उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को जनपद शामली में सेफ इंटरनेट डे-2026 के अवसर पर जिला स्तरीय जागरूकता कार्यशाला का आयोजन विकास भवन स्थित सभागार में किया गया। कार्यक्रम में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी प्रेमचन्द मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यशाला का आयोजन जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अश्विनी कुमार शर्मा द्वारा किया गया, जिसमें विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अन्य प्रतिभागियों ने सहभागिता की। इस वर्ष की थीम सुरक्षित डिजिटल तकनीक के उपयोग, साइबर सुरक्षा और जिम्मेदार ऑनलाइन व्यवहार पर आधारित रही। जिला सूचना विज्ञान अधिकारी अश्विनी कुमार शर्मा ने साइबर सुरक्षा, साइबर हाइजीन, ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव, सोशल मीडिया के सुरक्षित एवं जिम्मेदार उपयोग तथा कृत्रिम बुद्धिमत्ता के सुरक्षित प्रयोग से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने साइबर अपराधों के तरीकों, उनसे बचाव के उपायों तथा किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। प्रभारी सीडीओ प्रेमचन्द ने कहा कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता एवं डिजिटल तकनीकों का सकारात्मक और सुरक्षित उपयोग विकास की गति को तेज करता है। ऐसे जागरूकता कार्यक्रम शासकीय कार्मिकों एवं आमजन को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यशाला का उद्देश्य डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देना तथा साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित करना रहा। जिला प्रशासन ने इसे डिजिटल इंडिया के लक्ष्यों की प्राप्ति की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी यामिनी रंजन, डीपीआरओ संदीप अग्रवाल उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button