बेतुल
बैतूल किसानों एवं सर्वहारा वर्ग की खुशहाली के लिए मां ताप्ती चुनरी पद यात्रा 5 नवम्बर को
प्रतिवर्ष कार्तिक पूर्णिमा को बैतूल से खेड़ी ताप्ती घाट तक हजारों धर्म प्रेमियों के साथ पदयात्रा करते है पूर्व विधायक निलय विनोद डागा

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बैतूल। पूर्व विधायक निलय डागा के नेतृत्व में बैतूल से खेड़ी ताप्ती घाट तक निकाली जाने वाली मां ताप्ती चुनरी पदयात्रा अब एक जनआस्था का महापर्व बन चुकी है। सवाल सिर्फ परंपरा निभाने का नहीं, बात है उस आस्था की जिसने पूरे जिले को एक सूत्र में बांध दिया है। ये वही यात्रा है जो मां ताप्ती की महिमा का प्रतीक बन चुकी है, और किसानों और सर्वहारा वर्ग की खुशहाली की प्रार्थना का माध्यम भी है।
सूर्य पुत्री जीवनदायिनी मां ताप्ती के प्रति अटूट श्रद्धा और भक्ति का प्रतीक चुनरी पदयात्रा इस वर्ष भी आगामी 5 नवंबर को ऐतिहासिक रूप से निकाली जाएगी। पूर्व विधायक निलय डागा के नेतृत्व में लगातार 9वें वर्ष यह धार्मिक यात्रा बैतूल से खेड़ी ताप्ती घाट तक प्रस्थान करेगी। विगत वर्षों में इस पदयात्रा को जिलेभर से मिला अपार समर्थन, श्रद्धा और जनसहभागिता ने इसे जनआस्था का पर्व बना दिया है।
पूर्व विधायक निलय डागा ने बताया कि नर्मदा परिक्रमा यात्रा से प्रेरित होकर उन्होंने इस धार्मिक परंपरा की शुरुआत की थी। तब से लेकर अब तक यह यात्रा लगातार श्रद्धा, भक्ति और सामूहिक आस्था का प्रतीक बन गई है। उन्होंने कहा कि चुनरी पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य मां ताप्ती से जिले के किसानों और सर्वहारा वर्ग की खुशहाली, समृद्धि और कल्याण की कामना करना है।
कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर यह पदयात्रा 5 नवंबर को सुबह 7 बजे कोठी बाजार लल्ली चौक स्थित प्राचीन शिव मंदिर से प्रारंभ होगी। श्रद्धालु यहां से थाना चौक, टिकारी अखाड़ा चौक, कारगिल चौक, सदर ग्राम दनोरा, भडूस, महदगांव, डहरगांव, खेड़ी सांवलीगढ़ होते हुए दोपहर 2 बजे ताप्ती घाट पहुंचेंगे। मां ताप्ती को चुनरी अर्पित कर श्रद्धालु जिले की समृद्धि और सुख-शांति की प्रार्थना करेंगे।
निलय डागा ने बताया कि यह यात्रा पूरी तरह विशुद्ध धार्मिक भावना से निकाली जाती है। उन्होंने कहा कि पिछले आठ वर्षों से यह यात्रा जिले में धार्मिक एकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक बनी हुई है। डागा ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे सपरिवार इस आस्था यात्रा में सम्मिलित होकर मां ताप्ती के दर्शन करें और उनके आशीर्वाद से अपने जीवन में सुख-समृद्धि प्राप्त करें।
उन्होंने कहा कि इस यात्रा का हर कदम मातृशक्ति के प्रति समर्पण, किसान और श्रमिक वर्ग के कल्याण की भावना और सर्वजन सुखाय-सर्वजन हिताय के सिद्धांत पर आधारित है। इस यात्रा के माध्यम से जिलेभर में धार्मिक एकता, सामाजिक सद्भाव और मानवीय संवेदनाओं का संदेश देने का उद्देश्य है।
पूर्व विधायक निलय डागा के नेतृत्व में निकाली जाने वाली मां ताप्ती चुनरी पदयात्रा अब केवल धार्मिक आयोजन नहीं, जनभागीदारी और सामाजिक जागरूकता का प्रतीक बन चुकी है। इस वर्ष भी बैतूल के हर कोने से श्रद्धालु इस ऐतिहासिक यात्रा का हिस्सा बनेंगे और सूर्य पुत्री मां ताप्ती के चरणों में नमन करेंगे।




