ललितपुर

देवगढ़ रोड पर शराब की दुकानों से महिलाओं में भय

मोहल्ला वासियों ने डीएम से की हटाने की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। नगर के मोहल्ला नेहरू नगर देवगढ़ रोड क्षेत्र में देशी व अंग्रेजी शराब की दुकानों को लेकर स्थानीय महिलाओं में भय का माहौल बना हुआ है। इसी को लेकर मोहल्लावासियों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपते हुए शराब की दुकानों को अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग की है। प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि देवगढ़ रोड पर स्थित देशी व अंग्रेजी शराब की दुकानों की पूर्ण क्षमता बहाल कर दी गई है। इससे पहले भी बीते वर्ष 01 अप्रैल 2025 को इन दुकानों को खोले जाने का विरोध किया गया था, जिसमें मोहल्ले की महिलाओं ने आपत्ति जताई थी। बावजूद इसके समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। मोहल्ला वासियों का कहना है कि शराबियों द्वारा आए दिन सड़क पर गाली-गलौज, झगड़ा और खुलेआम शराब पीने जैसी गतिविधियां की जाती हैं, जिससे मंदिर, स्कूल और बाजार जाने वाली महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। शाम के समय स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जिससे किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी रहती है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि पूर्व में सड़क पर अवैध कब्जे और अतिक्रमण को लेकर भी शिकायत की गई थी, लेकिन उस पर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। अब एक बार फिर मोहल्ला वासियों ने प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग की है। मोहल्ला वासियों ने जिलाधिकारी से देवगढ़ रोड नेहरू नगर में स्थित शराब की दुकानों को किसी अन्य सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किये जाने की मांग उठायी गयी, ताकि मंदिर व स्कूल आने-जाने वाले बच्चों, महिलाओं और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। प्रार्थना पत्र पर कई महिलाओं व स्थानीय निवासियों में रामकुंवर, रवि प्रभा, ममता, सौम्या, सामवती, राजकुमारी, अनुराधा, कमला, मीरा, सविता, मनीष, दीपक, सागर, रामसेवक, ऊषा, खिलान, रजनी, फूलन, मनोज, विमलेश, बेबी, ममता, सीता, मनीषा, रानी, पूना के हस्ताक्षर अंकित बताये गए हैं। अब क्षेत्रवासियों की निगाहें प्रशासन की कार्रवाई पर टिकी है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button