टोल प्लाजा का नाम लिखा गलत, डीएम को शिकायत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
शामली। नेशनल हाईवे पर निर्माणाधीन टोल प्लाजा पर ग्राम का नाम गलत लिखे जाने को लेकर ग्राम करौदा हाथी के ग्रामीणों ने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि टोल प्लाजा पर ग्राम करौदा हाथी के स्थान पर बन्तीखेड़ा का नाम अंकित किया गया है, जिससे गांव के किसानों में नाराजगी है।
मंगलवार को डीएम को दिए शिकायती पत्र में ग्रामीणों ने बताया कि दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे तथा पानीपत-खटीमा मार्ग के दक्षिण दिशा में निर्माणाधीन टोल प्लाजा ग्राम करौदा हाथी की भूमि पर बनाया जा रहा है। टोल प्लाजा निर्माण के लिए ग्राम करौदा हाथी के किसानों की जमीन अधिग्रहित की गई थी, इसके बावजूद बोर्ड पर दूसरे गांव का नाम लिखे जाने से ग्रामीणों का सम्मान प्रभावित हो रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बन्तीखेड़ा गांव टोल प्लाजा से लगभग दो किलोमीटर दूर स्थित है, जबकि टोल प्लाजा करौदा हाथी की सीमा में आता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि टोल प्लाजा पर ग्राम करौदा हाथी का नाम अंकित कराया जाए। इस संबंध में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से हस्तक्षेप कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि गांव के किसानों को न्याय मिल सके। इस अवसर पर ओमसिंह, राजबीर सिंह, नरेन्द्र सिंह, देवेन्द्र सिंह, कालेन्द मलिक, जितेन्द्र सिंह, राजकुमार, देवेन्द्र सिंह, सुभाष, कुलदीप, हरेन्द्र, मनोज आदि मौजूद रहे।


