रांची

झारखंड विधानसभा में NeVA सेवा केंद्र का शुभारंभ, विधायी कार्य होंगे डिजिटल और पेपरलेस

Jharkhand Assembly launches NeVA Seva Kendra; legislative work to be digital and paperless

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची। झारखंड विधानसभा में षष्ठम विधानसभा के पंचम (बजट) सत्र-2026 के दौरान राष्ट्रीय ई-विधान एप्लीकेशन (NeVA) परियोजना के तहत प्रशिक्षण एवं टैबलेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने विधानसभा में NeVA सेवा केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड विधानसभा में NeVA सेवा केंद्र की शुरुआत एक नए अध्याय की तरह है। इस एप्लीकेशन के माध्यम से विधायी कार्य सरल, समयबद्ध और डिजिटल तरीके से संपन्न होंगे। अब माननीय सदस्यों को प्रश्नों एवं अन्य प्रक्रियाओं के लिए देर रात तक कागजी कार्यवाही हेतु विधानसभा आने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी। इससे विधानसभा कर्मियों को भी कार्य में सहूलियत होगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि देश के लगभग 20 राज्यों में NeVA के माध्यम से डिजिटल और पेपरलेस विधायी कार्यों की शुरुआत हो चुकी है। झारखंड में भी माननीय सदस्यों को एप्लीकेशन से संबंधित प्रशिक्षण दिया जा रहा है तथा उन्हें टैबलेट उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि आगामी सत्रों में अधिकतर कार्य डिजिटल माध्यम से किए जा सकें। उन्होंने कहा कि बेहतर समन्वय और पारदर्शिता के लिए डिजिटाइजेशन आवश्यक है। NeVA के उपयोग से कागजों के बंडलों में कमी आएगी और कार्यों में गति आएगी। हालांकि डिजिटल माध्यम अपनाने में कुछ चुनौतियां भी होती हैं, विशेषकर साइबर सुरक्षा से जुड़ी। इसलिए सदस्यों को सुरक्षा संबंधी पहलुओं की जानकारी देना जरूरी है, ताकि किसी प्रकार की हेरफेर या बाधा से बचा जा सके। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो एवं मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सभी मंत्रियों और विधायकों को टैबलेट प्रदान किए। कार्यक्रम में मंत्रीगण, विधायकगण, अधिकारी एवं विधानसभा कर्मी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button