बाराबंकी
बाराबंकी में स्वतंत्रता सेनानी अवध शरण वर्मा (लाला जी) को श्रद्धांजलि

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बाराबंकी। फतेहपुर तहसील में 11 फरवरी 1907 को जन्मे स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय अवध शरण वर्मा उर्फ ‘लाला जी’ की जयंती पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। एसपी कार्यालय के निकट स्थित लाला जी पार्क में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके बलिदान और राष्ट्रसेवा को नमन किया गया।लाला जी महात्मा गांधी से प्रेरित प्रखर स्वतंत्रता सेनानी थे। आज़ादी की लड़ाई के दौरान उन्होंने अंग्रेज़ी शासन की क्रूर यातनाएं सहीं और छह वर्षों तक कठोर कारावास भोगा। वे बाराबंकी जिले के विख्यात किसान नेता के रूप में भी जाने जाते थे, जिन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला बार एसोसिएशन, बाराबंकी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद के प्रत्याशी एडवोकेट रमेश चंद्र वर्मा ने की। उन्होंने उपस्थित लोगों का मुंह मीठा कराकर कार्यक्रम को आत्मीय वातावरण प्रदान किया। इस अवसर पर एडवोकेट सुशील पटेल, रामकरण, पूनम पटेल, लायकराम वर्मा, आशीष वर्मा, पवन वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिक और परिवारजन उपस्थित रहे।कार्यक्रम में वक्ताओं ने लाला जी के जीवन, त्याग और देशभक्ति को याद करते हुए कहा कि ऐसे महान स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत को जीवित रखना हम सभी का दायित्व है। उनका जीवन आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा का अमिट स्रोत बना हुआ है।



