गाजियाबाद

लोनी में पत्रकार को जान से मारने की धमकी

एक्टिव जर्नलिस्ट एसोसिएशन ने पुलिस आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, 7 दिन में कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गाजियाबाद :  एक्टिव जर्नलिस्ट एसोसिएशन (ट्रस्ट) ने पत्रकार की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताते हुए पुलिस आयुक्त को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
 संगठन की जिलाध्यक्ष अपूर्वा चौधरी ने पुलिस आयुक्त को सौंपे ज्ञापन में आरोप लगाया है कि लोनी क्षेत्र के विधायक नंदकिशोर गुर्जर द्वारा सक्रिय पत्रकार आकाश गौड़ को फोन पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई है।
एसोसिएशन के अनुसार, पत्रकार आकाश गौड़ पिछले करीब 15 वर्षों से निष्पक्ष पत्रकारिता कर रहे हैं। 10 फरवरी 2026 को सुबह लगभग 8:43 बजे विधायक की ओर से मोबाइल नंबर के माध्यम से कॉल कर उन्हें धमकाया गया। आरोप है कि विधायक ने अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की चेतावनी दी।
पत्र में कहा गया है कि यह धमकी केवल पत्रकार ही नहीं बल्कि उनके परिवार की सुरक्षा के लिए भी गंभीर खतरा है। संगठन ने इसे प्रेस की स्वतंत्रता पर हमला बताते हुए कहा कि पत्रकारों को डराने-धमकाने की घटनाएं लोकतंत्र के लिए चिंताजनक हैं।
एसोसिएशन ने पुलिस प्रशासन से तीन प्रमुख मांगें रखी हैं—
विधायक के खिलाफ तत्काल संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की जाए,
पत्रकार और उनके परिवार को सुरक्षा मुहैया कराई जाए,
मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ  कड़ी कार्रवाई हो।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि सात दिनों के भीतर संतोषजनक कार्रवाई नहीं हुई तो पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर शांतिपूर्ण लेकिन निर्णायक आंदोलन किया जाएगा।
एसोसिएशन पदाधिकारियों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की है
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button