
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। वैलेंटाइन डे के मौके पर शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट नजर आया। पार्कों, सार्वजनिक स्थलों और रेस्टोरेंट्स के बाहर विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया कि किसी भी व्यक्ति या संगठन को कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
गांधी उद्यान और फुलबाग पार्क समेत शहर के प्रमुख पार्कों में पुलिस की अलग-अलग टीमें तैनात रहीं। गांधी उद्यान के म्यूजिक फाउंटेन और भूल-भुलैया क्षेत्र में भी सघन निरीक्षण किया गया।
आने-जाने वाले युवक-युवतियों के आईडी और आधार कार्ड की जांच की गई। पार्क के अंदर और बाहर गश्त बढ़ाई गई, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके।
पुलिस ने साफ किया कि वैलेंटाइन डे के नाम पर किसी भी तरह की गुंडागर्दी या दबंगई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बजरंग दल और अन्य हिंदू संगठनों की गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी गई।
सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए कि पार्कों और रेस्टोरेंट्स में आने वाले लोगों को कोई भी संगठन परेशान न करे। यदि किसी को किसी संगठन या व्यक्ति द्वारा प्रताड़ित किया जाता है तो तुरंत पुलिस को सूचना देने को कहा गया है।
कानून हाथ में लेने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई
पिछले महीने जन्मदिन पार्टी में हुई मारपीट की घटना के बाद से पुलिस पहले से ही सतर्क थी। अधिकारियों का कहना है कि शांति व्यवस्था भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
चौकी प्रभारी नितिन राणा ने बताया कि संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ की जा रही है और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है, ताकि शहर में शांति और सौहार्द बना रहे।



