
7 लाख 10 हजार में नीलाम हुआ पालिका का कबाड़। नायब तहसीलदार की उपस्थिति में बोली गई की नीलामी बोली
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
उरई (जालौन) । नगर पालिका परिषद उरई कार्यालय के पीछे और आसपास जमा कबाड़ का ढेर आज 7 लाख 10 हजार रुपए की फाइनल बोली के बाद नीलाम हो गया। सबसे बड़ी नीलामी बोली शमीम अहमद ने लगाई। नीलामी बोली में लगभग 50 लोगों ने हिस्सा लिया था।
जानकारी के अनुसार पिछले दिनों नगर पालिका परिषद उरई द्वारा कार्यालय के आसपास जमा तमाम निष्प्रयोज्य सामान को नीलाम करने की आम सूचना निकलवाई थी और नीलामी की सभी शर्तों का भी इसमें उल्लेख किया था। तय समय पर आज नगर पालिका प्रांगण में नायब तहसीलदार उरई विजय कुमार की अध्यक्षता एवं अधिशासी अधिकारी राम अचल कुरील कर अधीक्षक गणेश प्रसाद गौतम सफाई एवं खाद्य निरीक्षक संदीप कुमार सिंह की उपस्थिति में तथा सभासद लालू गुप्ता आकाश त्रिवेदी ,दीपक पटेल अशरफ चेन्नई,आशीष द्विवेदी ठेकेदार,कर लिपिक अखिलेश मिश्रा टीसी अजय नाहर,ताहिर,की मौजूदगी में नीलामी बोली शुरू हुई। यह नीलामी बोली 4 लाख से शुरू हुई और बोलीदाता लगातार कबाड़ की नीलामी अपने पक्ष में कराने के लिए लालायित रहे, इसलिए यह बोली बढ़ते बढ़ाते 710000 तक जा पहुंची। बताया जा रहा है कि कबाड़ सामान में लोहे के पोल खराब टायर कूड़ा दान डस्टबिन टीन टप्पर आदि शामिल थे। नगर पालिका प्रशासन ने इस कबाड़ की नीलामी के लिए लोक निर्माण विभाग से कीमत का आकलन कराया था। इसके बाद आज नीलामी की प्रक्रिया संपन्न हुई। सबसे बड़ी बोली शमीम अहमद ने लगाई। उसी के पक्ष में कबाड़े को नीलाम कर दिया गया। दूसरे और तीसरे नंबर की बोली दाता की धरोहर धनराशि को अभी नहीं लौटाया गया है। कर अधीक्षक गणेश प्रसाद ने बताया कि अगर प्रथम बोली वाला कबाड़ के लिए लगाई गई बोली का रुपए जमा नहीं करता है तो उसकी धरोहर धनराशि नगर पालिका के पक्ष में जप्त कर ली जाएगी और दूसरे नंबर की बोली लगाने वाले को कबाड़ लेने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। किन्हीं कारणोंवश अगर वह भी कबाड़ लेने में हाथ खड़े कर देता है तो उसकी भी सिक्योरिटी जप्त कर ली जाएगी। उसके बाद तीसरे नंबर की बोली लगाने वाले को मौका दिया जाएगा।



