ललितपुर
नाबालिग पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला
घर में घुसकर की मारपीट, दो नामजद आरोपियों पर गंभीर धाराओं में एफआईआर
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर।कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत एक गांव में नाबालिग बालक के साथ घर में घुसकर की गई बेरहमी से मारपीट का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीडि़त पिता की तहरीर पर पुलिस ने दो नामजद आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।शिकायती पत्र में पीडि़त ने बताया कि बीती 17 फरवरी को उसका 14 वर्षीय पुत्र घर पर पढ़ाई कर रहा था। इसी दौरान गांव के ही परमाल और सचेंद्र पुत्रगण हरिकिशन घर में जबरन घुस आए और बिना किसी कारण गाली-गलौज करते हुए बालक के साथ मारपीट शुरू कर दी।पीडि़त के अनुसार आरोपी बालक को मारते-पीटते हुए घर से बाहर दरवाजे तक ले आए। यहां परमाल ने बच्चे को पकड़ लिया, जबकि सचेंद्र ने लाठी-डंडों से उस पर ताबड़तोड़ प्रहार किए। मारपीट में बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके की ओर दौड़े।वादी ने बताया कि शोर सुनकर जब वह बाहर आया तो देखा कि दोनों आरोपी उसके बेटे को लाठी-डंडों से पीट रहे थे। विरोध करने पर आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए।पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 333, 115(2), 352 और 351(3) के तहत मामला दर्ज किया है।


