बरेली
सुपीरियर शराब फैक्ट्री पर आयकर का शिकंजा, रात भर खंगाले गए रिकॉर्ड
सीबीगंज स्थित फैक्ट्री पर आयकर का धावा, देर रात तक चली सघन जांच

मोबाइल जब्त, खातों की पड़ताल जारी ,
डिजिटल डाटा से लेकर दस्तावेज तक की करी गई जांच
कर चोरी इनपुट पर कार्रवाई, बरेली में शराब उद्योग पर आयकर का शिकंजा..
नेशनल प्रेस टाइम्स ,ब्यूरो
बरेली। औद्योगिक क्षेत्र सीबीगंज स्थित सुपीरियर शराब फैक्ट्री पर मंगलवार देर रात आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी की कार्रवाई शुरू की, जो देर रात तक जारी रही। अचानक हुई इस कार्रवाई से कारोबारी जगत में हलचल मच गई।
सूत्रों के अनुसार रात करीब नौ बजे कई वाहनों से पहुंचे अधिकारियों ने फैक्ट्री परिसर को घेरते हुए मुख्य द्वार से प्रवेश किया और दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी। कार्रवाई के दौरान स्थानीय पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा।
मालिक और प्रबंधन से जुड़े अधिकारियों के मोबाइल जब्त
जानकारी के मुताबिक टीम ने फैक्ट्री मालिक, मैनेजर और कुछ अन्य जिम्मेदार पदाधिकारियों के मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए हैं। डिजिटल डाटा की जांच के जरिए वित्तीय लेन-देन और कर से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
इसके अलावा कंप्यूटर सिस्टम, अकाउंट सेक्शन की फाइलें और अन्य जरूरी रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं।
फैक्ट्री में कार्यरत कर्मचारियों को पूरी तरह बाहर नहीं किया गया है, लेकिन उनकी आवाजाही नियंत्रित कर दी गई है। आवश्यक उत्पादन कार्य जारी रखने की अनुमति दी गई है, जबकि प्रशासनिक गतिविधियां आयकर टीम की निगरानी में चल रही हैं।
छापेमारी की आधिकारिक वजह सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि विभाग को कर चोरी या आय से अधिक संपत्ति से जुड़े इनपुट मिले थे।
इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य बड़े शराब कारोबारियों में भी बेचैनी देखी जा रही है।
सीबीगंज थाना प्रभारी प्रदीप चतुर्वेदी ने बताया कि उन्हें छापेमारी की पूर्व सूचना नहीं थी।
फिलहाल आयकर विभाग की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



