गोड्डा
सांसद निशिकांत दुबे के गोड्डा पहुंचने पर कार्यकर्ताओं में दिखा जोश
भाजपा समर्थित अनिल साह के समर्थन में रोड शो

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चार दिन में बड़ी जीत का दावा कर गये सांसद
गोड्डा। नगर निकाय चुनाव को लेकर गोड्डा का सियासी पारा चरम पर है। सांसद निशिकांत दुबे के गोड्डा पहुंचने पर कार्यकर्ताओं में जोश देखा गया। इसी कड़ी में गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने शहर पहुंचकर भाजपा समर्थित अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अनिल शाह के समर्थन में भव्य रोड शो किया। रोड शो के दौरान पूरा शहर भाजपा के झंडों और नारों से गूंज उठा। सांसद ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि पार्टी के पास अभी चार दिन का समय काफी है और भाजपा समर्थित प्रत्याशी अनिल साह बड़े मार्जिन के साथ जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि विकास, पारदर्शिता और मजबूत नेतृत्व के लिए भाजपा समर्थित उम्मीदवार को विजयी बनाएं।
कार्यकर्ताओं को सख्त संदेश :
रोड शो के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद ने साफ शब्दों में कहा कि जो भी कार्यकर्ता पार्टी से गद्दारी करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा और तत्काल पार्टी से निष्कासित कर दिया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव लड़ने और बूथ स्तर तक मजबूती से काम करने की अपील की।
राज्य सरकार पर साधा निशाना :
इस दौरान सांसद ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि राज्य की जनता वर्तमान सरकार से ऊब चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गिट्टी, बालू, कोयला और ट्रांसफर-पोस्टिंग जैसे मामलों में भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। सांसद ने यह भी कहा कि यदि नगर निकाय चुनाव पार्टी आधारित होते और सत्ताधारी दल हार जाता, तो उसकी बदनामी पूरे देश में होती। इसी कारण सरकार ने पार्टी आधारित चुनाव नहीं कराया।
शहर में दिखा शक्ति प्रदर्शन :
रोड शो के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर भारी भीड़ उमड़ी। जगह-जगह समर्थकों ने सांसद और प्रत्याशी का स्वागत किया। पूरे कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने लायक था। नगर परिषद अध्यक्ष पद को लेकर गोड्डा में मुकाबला रोचक होता जा रहा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि मतदाता किसके पक्ष में अपना जनादेश देते हैं।




