नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। महरौनी थाना क्षेत्र के ग्राम भौरदा में बिजली विभाग की टीम पर हमला और सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला सामने आया है। विभागीय कर्मचारी की तहरीर पर पुलिस ने एक नामजद सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, विद्युत विभाग में अवर अभियंता के पद पर तैनात आयुष कुमार पुत्र मोहनदास ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शासन की महत्वाकांक्षी बिजली बिल राहत योजना 2025-26 के अंतर्गत पंजीकरण और राजस्व वसूली के लिए अपनी संविदा टीम के साथ ग्राम भौरदा गया था। आरोप है कि टीम ने उपभोक्ता अरविंद उर्फ बड़े रज्जू पुत्र भगवानी लखन से बिल संबंधी अभिलेख मांगे, लेकिन संतोषजनक जवाब न मिलने पर लाइनमैन द्वारा अस्थायी रूप से विद्युत संयोजन काट दिया गया। इसी बात से नाराज होकर आरोपी और उसके 3-4 साथियों ने टीम के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। शिकायत के अनुसार आरोपियों ने जूते-चप्पलों से हमला करते हुए सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाई, संविदा कर्मी का मोबाइल तोड़ दिया और टीम की बाइक (नंबर यू.पी.94 एन 5376) में भी तोडफ़ोड़ की। इतना ही नहीं, आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए सरकारी प्रपत्र भी छीनकर फाड़ दिए। स्थिति बिगडऩे पर टीम को मौके से जान बचाकर भागना पड़ा। महरौनी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बीएनएस की धारा 115(2), 352, 351(3), 131, 132 और 324(4) के तहत एफआईआर संख्या 0067/2026 दर्ज कर ली है। प्रकरण की विवेचना उपनिरीक्षक साबिर अली को सौंपी गई है।



