
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
नई दिल्ली। दक्षिण दिल्ली के गौतम नगर स्थित महाराजा रणजीत सिंह पार्क में शनिवार रात खाटू श्याम जी का भव्य जागरण बड़े श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम लगातार तीसरी बार धार्मिक युवा मंच द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भक्ति रस में डूबकर श्याम बाबा के भजनों का आनंद लिया।
कार्यक्रम में क्षेत्र के विधायक सतीश उपाध्याय विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने मंच पर पहुंचकर धार्मिक युवा मंच के पदाधिकारियों का उत्साहवर्धन किया तथा खाटू श्याम जी के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। जागरण में भजन-कीर्तन के साथ श्रद्धालुओं ने पूरी रात भक्ति का आनंद लिया। कार्यक्रम में प्रमुख रूप से अरुण रस्तोगी, अशोक गौतम, अश्विनी मारकन, अभिषेक, जी.एस. पुरी, सुशील करनवाल, सुमित्रा दहिया, राजेश सैनी, कामिनी एवं राधेश्याम गोयल सहित बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे।आयोजकों ने बताया कि धार्मिक युवा मंच का उद्देश्य क्षेत्र में धार्मिक एवं सामाजिक एकता को बढ़ावा देना है। कार्यक्रम के सफल आयोजन पर क्षेत्रवासियों ने मंच की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे धार्मिक आयोजनों की अपेक्षा जताई।



