गोड्डा
नगरपालिका आम निर्वाचन के तहत थर्ड रेंडमाइजेशन प्रक्रिया संपन्न

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
गोड्डा। नगरपालिका आम निर्वाचन की तैयारियों के क्रम में एनआईसी सभागार में उपायुक्त अंजली यादव की अध्यक्षता में थर्ड रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया सफलतापूर्वक संपन्न कराई गई।
इस अवसर पर उपायुक्त के द्वारा बताया गया कि निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप चरणबद्ध रेंडमाइजेशन की कार्रवाई की जा रही है। 400 थर्ड रेंडमाइजेशन के माध्यम से मतदान कर्मियों का अंतिम रूप से मतदान केंद्रों के साथ आवंटन सुनिश्चित किया गया।
रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया कंप्यूटर आधारित सॉफ्टवेयर के माध्यम से पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न की गई। इस दौरान निर्वाचन कार्य में प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं कर्मियों की उपस्थिति में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई। उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी मतदान कर्मियों को उनके आवंटित मतदान केंद्र की जानकारी समय पर उपलब्ध करा दी जाए तथा डिस्पैच से संबंधित सभी तैयारियां ससमय पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्य में संलग्न सभी पदाधिकारी एवं कर्मी अपने दायित्वों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, सतर्कता एवं अनुशासन के साथ करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।नगरपालिका आम निर्वाचन 2026 को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूर्णतः प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर सामान्य प्रेक्षक/निर्वाचन प्रेक्षक, उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, संबंधित निर्वाची पदाधिकारी,सूचना विज्ञान पदाधिकारी (NIC) सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।



