
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी। सोमवार का दिन लोनी क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक साबित हुआ, जब बेहटा हाजीपुर बंद रेलवे फाटक पर बहुप्रतीक्षित अंडरपास निर्माण कार्य का विधिवत शुभारंभ किया गया। करीब चार करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बनने वाले इस अंडरपास से आसपास की दर्जनों कॉलोनियों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और वर्षों से चली आ रही जाम की समस्या से राहत मिलेगी।
करीब चार से पांच दशकों से लंबित इस मांग को लेकर क्षेत्र में लगातार प्रयास होते रहे। सोमवार को लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर, बागपत विधायक योगेश धामा और भाजपा जिलाध्यक्ष चौधरी चैनपाल सिंह ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर निर्माण कार्य की शुरुआत कराई। इस अवसर पर रेलवे विभाग के सीनियर सेक्शन इंजीनियर अभिषेक शर्मा सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम से पहले अतिथियों का ढोल-नगाड़ों और आतिशबाजी के साथ स्वागत किया गया।
बागपत विधायक योगेश धामा ने कहा कि यह कार्य लोनी विधायक के निरंतर प्रयासों का ही परिणाम है। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर क्षेत्रीय नागरिकों द्वारा कई बार आंदोलन और जनसंपर्क अभियान चलाए गए। आज निर्माण शुरू होने से क्षेत्रवासियों का वर्षों पुराना सपना साकार हुआ है।
भाजपा जिलाध्यक्ष चैनपाल सिंह ने कहा कि लोनी तेजी से विकास की ओर अग्रसर है। उन्होंने सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताते हुए कहा कि जिम्मेदार विभाग अपने कर्तव्यों का सही निर्वहन नहीं कर रहे हैं और सरकारी धन का दुरुपयोग हो रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि मामले को मुख्यमंत्री के समक्ष उठाकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कराई जाएगी।
विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने कहा कि वे दिल्ली में डीआरएम के साथ कई बैठकों और विभिन्न विभागों जल बोर्ड, विद्युत विभाग आदि—के बीच समन्वय स्थापित होने के बाद ही तकनीकी अड़चनें दूर कर परियोजना को अंतिम रूप दिया गया। इस अवसर पर महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष आरती मिश्रा,करतार सिंह घिटौरा व पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम में विभिन्न मंडलों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों सहित कई सामाजिक व राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।



