गोड्डा
गोड्डा में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ नगर निकाय चुनाव
अध्यक्ष व वार्ड प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटी में कैद

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गोड्डा। जिला में नगर परिषद एवं नगर पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। राज्यभर में चल रहे नगर निकाय चुनाव के तहत आज मतदान प्रक्रिया पूरी की गई। मतदान समाप्त होते ही सभी प्रत्याशियों की किस्मत मतपेटियों में बंद हो गई, जिसका फैसला आगामी 27 फरवरी को मतगणना के दिन होगा। गोड्डा नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए कुल 11 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं, जबकि 31 वार्डों के लिए 81 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला हुआ। सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं और लोगों ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। कई मतदान केंद्रों पर शाम छह बजे तक मतदान जारी रहा। निर्धारित समय के बाद भी मतदाताओं की उपस्थिति के कारण मतदान प्रक्रिया जारी रखी गई। सुरक्षा के मद्देनजर जिला प्रशासन द्वारा सभी बूथों पर पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती के कारण कहीं से भी किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। हालांकि, समय सीमा के बाद भी मतदान जारी रहने के कारण जिला प्रशासन द्वारा अंतिम मतदान प्रतिशत की आधिकारिक जानकारी देर शाम तक उपलब्ध नहीं कराई जा सकी। अब सभी की निगाहें 27 फरवरी को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं, जब यह स्पष्ट हो जाएगा कि गोड्डा नगर परिषद की कमान किसके हाथों में जाएगी।



