ललितपुर
वीडियो देने वाले युवक ने लगाया झूठे मुकदमे में फंसाने का आरोप
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। शहर के नझाई बाजार निवासी एक युवक ने झांसी मण्डल के डीआईजी को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की साजिश की जा रही है। युवक ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पीडि़त विशाल लक्ष्यकार पुत्र राकेश लक्ष्यकार ने बताया कि बीती 15 दिसंबर 2025 को टीकमगढ़ स्थित शादी गार्डन में आयोजित एक सगाई समारोह में कुछ लोगों द्वारा अवैध हथियारों से हर्ष फायरिंग की गई थी। युवक का कहना है कि उसने जनहित में उक्त घटना का वीडियो पुलिस को कार्रवाई हेतु उपलब्ध कराया था। आरोप है कि कार्रवाई करने के बजाय संबंधितों ने मामला रफा-दफा कर दिया। युवक का कहना है कि बाद में फायरिंग का वीडियो स्थानीय समाचार पत्र में प्रकाशित होने से वह नाराज हो गए और उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने लगे। पीडि़त ने आरोप लगाया कि 20 फरवरी को उसे बुलाकर अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया तथा छेडख़ानी और मानहानि के मुकदमे में फंसाने की चेतावनी दी गई। पीडि़त का यह भी आरोप है कि साजिश के तहत एक महिला की ओर से थाना कोतवाली में उसके खिलाफ धारा 351(3), 352, 75 व 78 बीएनएस के तहत एफआईआर दर्ज कराई गई है, जो कि निराधार है, जबकि वह संबंधित महिला को जानता तक नहीं है। पीडि़त ने डीआईजी से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उसे झूठे मुकदमे में फंसाए जाने से रोका जाए और दोषी पुलिस कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाए।



