शामली
ब्लॉक में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक, 2.52 करोड़ रुपये के कार्यों का लेखा-जोखा पेश
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
कांधला। विकासखंड प्रांगण में ब्लॉक प्रमुख की अध्यक्षता में ग्राम प्रधानों एवं पंचायत सदस्यों की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष के दौरान कराए गए विकास कार्यों का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया तथा आगामी योजनाओं पर चर्चा की गई।बैठक की अध्यक्षता करते हुए ब्लॉक प्रमुख विनोद मलिक ने कहा कि उनके कार्यकाल में बिना किसी भेदभाव के सभी ग्राम पंचायतों में समान रूप से विकास कार्य कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष में विकासखंड क्षेत्र में लगभग 2 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से विभिन्न विकास कार्य पूर्ण कराए गए हैं। इन कार्यों में सड़क निर्माण, नाली निर्माण, सामुदायिक भवनों की मरम्मत, पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ीकरण तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं।
बैठक के दौरान उपस्थित ग्राम प्रधानों और जिला पंचायत सदस्यों ने अपने-अपने क्षेत्रों में आवश्यक विकास कार्यों की सूची ब्लॉक प्रमुख को सौंपी। प्रतिनिधियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में अधूरे पड़े कार्यों को शीघ्र पूरा कराने तथा नई योजनाओं को प्राथमिकता देने की मांग उठाई।ब्लॉक प्रमुख ने सभी जनप्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि जैसे ही आगामी बजट जारी होगा, प्रस्तावित कार्यों को स्वीकृति देकर धरातल पर उतारा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा के अनुरूप गांवों का विकास कराना ही उनका उद्देश्य है।बैठक में ग्राम प्रधान संदीप पवार, पंकज मलिक, नौशाद अली, पंचायत सदस्य मनोज कुमार ,भूरा,इसराइल मंसूरी सहित विकासखंड के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
कांधला में कैराना मार्ग स्थित पंजाब नेशनल बैंक (PNB) शाखा पर पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान बैंक के अंदर और बाहर संदिग्ध व्यक्तियों की तलाशी ली गई, जिससे उनमें हड़कंप मच गया। अभियान का नेतृत्व दरोगा नरेंद्र वर्मा ने अपनी टीम के साथ किया। पुलिस ने बैंक परिसर और आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ की और उनकी तलाशी ली। अचानक हुई इस कार्रवाई से संदिग्धों में अफरा-तफरी का माहौल देखा गया। दरोगा नरेंद्र वर्मा ने बताया कि यह अभियान शामली के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से चलाया गया था। पुलिस ने बैंक आने-जाने वाले लोगों पर भी कड़ी निगरानी रखी और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराया। उन्होंने यह भी कहा कि बैंकों और अन्य सार्वजनिक स्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भविष्य में भी इस तरह के चेकिंग अभियान जारी रहेंगे।


