सिंगरौली
गोरबी ब्लॉक-बी में रोजगार पर विवाद, बैठकें बेअसर—काम ठप

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। Northern Coalfields Limited गोरबी ब्लॉक-बी अंतर्गत ओबी कंपनी अजंता राधा में स्थानीय विस्थापितों को रोजगार न मिलने का मामला फिर गरमा गया है। विरोध और काम ठप होने की घटनाओं के बीच बैठकों के बावजूद समाधान न निकलने पर सवाल उठ रहे हैं। सूत्रों के अनुसार एनसीएल गोरबी जीएम, तहसीलदार अभिषेक यादव और कंपनी प्रबंधन के बीच कई दौर की बैठकें हुईं, जिनमें स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देने की बात कही गई थी। हालांकि प्रभावितों का आरोप है कि जमीनी स्तर पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई और बाहरी लोगों को काम दिया जा रहा है।
कलेक्टर गौरव बैनल के निर्देश पर गोरबी नीरज चोपड़ा स्टेडियम में शिविर भी लगा, लेकिन भर्ती में तय मापदंडों के पालन को लेकर मनमानी के आरोप लग रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि रोजगार सूची सार्वजनिक नहीं की जा रही और चयन प्रक्रिया पारदर्शी नहीं है। लगातार विवाद के चलते माइंस व ओबी कार्य कई बार प्रभावित हुआ है। ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच और स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि जल्द समाधान न हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।



