खैरथल

खाटू श्याम जी फाल्गुनी मेला -2026

खैरथल में निकली भव्य श्री श्याम ध्वज रथयात्रा रथ में विराजे खाटूश्याम जी के दर्शन को उमड़ा जनसैलाब, जगह-जगह हुआ स्वागत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
खैरथल। शहर में गुरुवार को पुरानी मंडी स्थित श्री श्याम मंदिर से श्री श्याम ध्वज रथयात्रा का भव्य आयोजन किया गया। फाल्गुनी मेले के उपलक्ष्य में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में शहर सहित आसपास के गांवों से सैकड़ों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन श्री श्याम बाल सखा मंडल समिति के तत्वावधान में संपन्न हुआ।
ध्वज रथयात्रा मंदिर प्रांगण से विधिवत पूजा-अर्चना के साथ प्रारंभ हुई। सुसज्जित रथ में विराजमान बाबा श्याम के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। यात्रा कस्बे के प्रमुख मार्गों से होते हुए निकली, जहां जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर रथ का स्वागत किया तथा विधिवत आरती उतारकर सुख-समृद्धि की कामना की।
यात्रा के दौरान पूरा शहर श्याममय नजर आया। भव्य झांकियों के साथ गूंजते भजनों पर युवा, महिलाएं और बुजुर्ग श्रद्धा भाव से नाचते-गाते चल रहे थे। “हारे के सहारे, बाबा श्याम हमारे” जैसे जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा प्रसाद वितरण भी किया गया।
रथयात्रा पुनः पुरानी मंडी स्थित श्री श्याम मंदिर पहुंची, जहां सामूहिक महाआरती के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को विशाल रात्रि जागरण का आयोजन किया जाएगा, जिसमें ख्यातनाम भजन कलाकार बाबा श्याम के भजनों की प्रस्तुति देंगे।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button