गोमिया स्टेशन के साथ धनबाद रेल मंडल का सौतेला व्यवहार – राकेश कुमार।

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
बोकारो। भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) गोमिया प्रखंड कमेटी के सचिव राकेश कुमार ने धनबाद रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक को एक पत्र लिखा है। जिस पर उन्होंने आरोप लगाया है कि धनबाद रेल मंडल गोमिया रेलवे स्टेशन के साथ सौतेला व्यवहार कर रहा है। उन्होंने कहा इस मार्ग से जब भी नई एक्सप्रेस ट्रेन चालू हो रही है उसका ठहराव गोमिया में नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अभी तुरंत में धनबाद से भोपाल तक एक त्रि-साप्ताहिक नई एक्सप्रेस ट्रेन का शुभारंभ हुआ है।जिसका ठहराव गोमिया में नहीं किया जा रहा है। यह बहुत ही चिंताजनक एवं दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने यह भी कहा कि इसके अलावा तीन एक्सप्रेस ट्रेन कोलकाता-मदार, कोलकाता-अहमदाबाद एवं धनबाद-मुंबई तक एक्सप्रेस ट्रेन इसी मार्ग से होकर चलाई जा रही है परंतु उन ट्रेनों का भी ठहराव गोमिया रेलवे स्टेशन पर नहीं किया जा रहा है, जबकि गोमिया रेलवे स्टेशन एक औद्योगिक नगरी से गिरा हुआ स्टेशन है। बेरमो अनुमंडल मुख्यालय के नजदीक का स्टेशन है और भारी राजस्व देने वाला स्टेशन है। उन्होंने पत्र लिखकर धनबाद रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक से आग्रह किया है कि अभिलंब गोमिया रेलवे स्टेशन में उपरोक्त ट्रेनों के ठहराव हेतु समुचित कार्रवाई की जाए अन्यथा गोमिया की जनता आंदोलन पर उतरेगी और हमारी पार्टी उस आंदोलन का नेतृत्व करेगी।



