जामताड़ा नगर अध्यक्ष चुनाव: आशा गुप्ता 974 वोटों से विजयी, कर्माटांड़ में जश्न
Jamtara Municipal President Election: Asha Gupta wins by 974 votes, celebrations in Karmatand

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा जिला के कर्माटांड़ प्रखंड अंतर्गत जामताड़ा नगर अध्यक्ष पद के चुनाव में आशा गुप्ता ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 974 मतों से पराजित कर शानदार जीत दर्ज की। परिणाम घोषित होते ही कर्माटांड़ बाजार में खुशी की लहर दौड़ गई और समर्थकों ने मिठाई बांटकर तथा पटाखे फोड़कर जीत का जश्न मनाया। बताया गया कि आशा गुप्ता की जीत पर उनके पति तरुण गुप्ता के साथ सैकड़ों समर्थक बाजार में एकत्र हुए। इस दौरान लोगों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी का इजहार किया। देर शाम तक बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। इस अवसर पर प्रताप गुप्ता ने कहा कि नगर की जनता ने जिस विश्वास के साथ आशा गुप्ता को विजयी बनाया है, वह विकास की नई शुरुआत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नगर में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत किया जाएगा तथा युवाओं और गरीब वर्ग के लिए विशेष पहल की जाएगी। वहीं जयदेव मंडल ने इसे जनता की जीत करार देते हुए कहा कि लोकतंत्र में परिवर्तन जरूरी है। नए नेतृत्व से नगर में नई सोच और ऊर्जा का संचार होगा। मौके पर दीपक गुप्ता, रवि गुप्ता, राजेश गुप्ता, योगेंद्र मंडल, मुकेश मंडल, चंदन साहब, धीरज शाह, राजकुमार गुप्ता, नितेश गुप्ता, पप्पू साह, उत्तम शाह और सुनील शाह सहित दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने आशा गुप्ता को बधाई देते हुए जामताड़ा नगर के सर्वांगीण विकास की कामना की।


