शामली

एसएसओ पर लापरवाही का आरोप

तीन लाइनमैनों ने अवर अभियंता को दी लिखित शिकायत

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। क्षेत्र के टोडा बिजलीघर पर तैनात तीन लाइनमैनों ने एसएसओ पर ड्यूटी में लापरवाही और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए अवर अभियंता को लिखित शिकायत दी है। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे संबंधित एसएसओ की ड्यूटी में कार्य नहीं करेंगे।
 चौसाना क्षेत्र के टोडा बिजलीघर पर कार्यरत लाइनमैन बिट्टू, जितेंद्र और बबलू ने शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि बिजलीघर पर तैनात एसएसओ ड्यूटी के दौरान अधिकतर समय मोबाइल फोन में व्यस्त रहता है। उनका कहना है कि लाइन में फॉल्ट होने पर जब वे एसएसओ को फोन करते हैं तो वह कॉल रिसीव नहीं करता। कई बार संपर्क होने पर भी वह सहयोग के बजाय अभद्र भाषा का प्रयोग करता है।
लाइनमैनों ने यह भी आरोप लगाया कि संबंधित एसएसओ किसी अन्य कंपनी में भी कार्य करता है, जिसके कारण वह फोन पर अत्यधिक व्यस्त रहता है और विभागीय कार्य प्रभावित होते हैं। उन्होंने मांग की है कि या तो उन्हें अकुशल श्रमिक घोषित कर दिया जाए या फिर एसएसओ का अन्यत्र तबादला किया जाए। कर्मचारियों का कहना है कि मौजूदा स्थिति में कार्य करना उनके लिए कठिन हो रहा है।
मामले को लेकर बिजली विभाग में हलचल बनी हुई है।
वहीं एसएसओ गौतम कुमार ने अपने ऊपर लगाए गए आरोपों को निराधार बताया। उनका कहना है कि कुछ लाइनमैन गांव के एक व्यक्ति के बहकावे में आकर झूठे आरोप लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह नियमित रूप से ड्यूटी निभा रहे हैं।
एसडीओ शाहब सिंह ने बताया कि उन्हें अभी शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। फिर भी यदि शिकायत आई है तो उसकी जांच कराई जाएगी और जो भी उचित कार्रवाई होगी, वह की जाएगी।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button