गोड्डा
बाल विवाह मुक्ति रथ को हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
सुंदरपहाड़ी। बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत बाल विवाह मुक्ति रथ को अधिकारियों द्वारा समाहरणालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। मुख्य वक्ता कालेश्वर मंडल ने बताया गया कि बाल विवाह सामाजिक कुरीति है, जो बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक विकास पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है। इसे समाप्त करने के लिए जिला प्रशासन के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे बाल विवाह की सूचना तत्काल प्रशासन को दें तथा अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने में सहयोग करें। बाल विवाह मुक्ति रथ के माध्यम से जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों में जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। रथ के जरिए नुक्कड़ नाटक, पोस्टर, पंपलेट, ऑडियो संदेश एवं संवाद कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को बाल विवाह के दुष्परिणामों तथा इसके विरुद्ध बने कानूनों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही अभिभावकों को यह समझाया जाएगा कि वे अपने बच्चों, विशेषकर बेटियों की शिक्षा पर ध्यान दें और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने में सहयोग करें। कहा कि बाल विवाह न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि यह बालिकाओं के शारीरिक, मानसिक एवं शैक्षणिक विकास में गंभीर बाधा उत्पन्न करता है। इसे रोकने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। इस अवसर पर डीसी अंजली यादव, एसी प्रेमलता मुर्मू, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथिला टुडू, बाल संरक्षण पदाधिकारी राजेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।



