जोन्हा में ‘जोन्हा डेरा इको कैंप’ का किया उद्घाटन, झारखंड में पर्यटन की अपार संभावनाएं मौजूद – सुदेश महतो
Dera Eco Camp' in Jonha, Jharkhand has immense potential for tourism - Sudesh Mahato

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
रांची जिले के जोन्हा में आदिवासी प्राकृतिक सौंदर्य स्थानीय पर्यटक समिति द्वारा आयोजित “जोन्हा डेरा इको कैंप” का विधिवत उद्घाटन आज सुदेश महतो ने फीता काटकर किया। समिति की ओर से उनका पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ आत्मीय स्वागत किया गया। उद्घाटन समारोह को सम्बोधित करते हुए महतो ने कहा कि इस इको कैंप के शुरू होने से प्राकृतिक शांति और हरियाली के बीच रोमांचक यात्रा की तलाश में आने वाले पर्यटकों को एक प्रेरणादायक और यादगार अनुभव मिलेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ क्षेत्र में रोजगार सृजन और समग्र विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगी। उन्होंने कहा कि झारखंड प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण राज्य है और यहां पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। यदि पर्यटन को योजनाबद्ध तरीके से विकसित किया जाए तो ग्रामीण युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार से जोड़ा जा सकता है। देश के कई राज्य पर्यटन के माध्यम से अपनी अर्थव्यवस्था को मजबूत कर रहे हैं, झारखंड भी इस दिशा में तेजी से आगे बढ़ सकता है। इस अवसर पर पार्टी के केन्द्रीय सचिव सह अनगड़ा पूर्वी जिला परिषद सदस्य राजेंद्र शाही मुंडा, जलनाथ चौधरी, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष शंकर बेदिया सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



