गाजियाबाद

जीटीबी अस्पताल पहुंचे लोनी विधायक

सलीम पर हमले को बताया गंभीर साजिश; सख्त कार्रवाई की मांग

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
लोनी गाजियाबाद :  लोनी क्षेत्र के मुस्तफाबाद स्थित अली गार्डन (निठौरा रोड) में 27 फरवरी को हुए जानलेवा हमले में घायल सलीम पुत्र नूर हसन (उम्र 50 वर्ष) का उपचार दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में जारी है। इस बीच 28 फरवरी को लोनी विधायक नंदकिशोर गुर्जर जीटीबी अस्पताल पहुंचे और डॉक्टरों से मुलाकात कर सलीम की हालत की जानकारी ली। उन्होंने चिकित्सकों से घायल को विशेष निगरानी और बेहतर से बेहतर उपचार उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। इससे पहले विधायक नंदकिशोर गुर्जर सलीम के घर भी पहुंचे थे, जहां उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर ढांढस बंधाया और दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई का आश्वासन दिया। विधायक ने मीडिया से बातचीत में हमले को कायराना बताते हुए इसे गंभीर और सुनियोजित साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि इस घटना की उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। विधायक ने प्रदेश सरकार से मामले में सख्त कार्रवाई तथा व्यापक जांच अभियान चलाने की मांग की है। गौरतलब है कि 27 फरवरी को रमजान माह में नमाज अदा कर लौट रहे सलीम पर अज्ञात हमलावरों ने गर्दन पर चाकू से वार किया था और मौके से फरार हो गए थे। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। परिजनों की तहरीर के आधार पर लोनी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में विशेष टीम गठित की है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। क्षेत्र में एहतियातन सर्च अभियान भी चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी बिंदुओं पर की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचने की अपील की है।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button