सिंगरौली
शक्तिनगर में नशा मुक्ति के लिए एनएसएस का जागरूकता शिविर
“शिक्षा नशा मुक्ति का सशक्त माध्यम”: हरिशंकर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
सिंगरौली। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के एनटीपीसी परिसर, शक्तिनगर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई प्रथम एवं तृतीय के तत्वावधान में शुक्रवार, 27 फरवरी 2026 को “नशा मुक्त भारत” के संकल्प के साथ एक दिवसीय शिविर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विश्वविद्यालय परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ।
युवा शक्ति की भूमिका अहम
मुख्य अतिथि समाजसेवी हरिशंकर गुप्ता ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि कोई भी राष्ट्र नशा मुक्त समाज बनाकर ही वास्तविक विकास कर सकता है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति अभियान में युवा शक्ति की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण और अनुकरणीय है। शिक्षा ही वह माध्यम है जो समाज को नशे जैसी बुराई से दूर कर सकता है।
एनटीपीसी प्रबंधन ने सराहा प्रयास
मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित प्रबंधक (मानव संसाधन), एनटीपीसी अनुग्रह मिश्र ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के मंच से नशा मुक्त समाज का संकल्प समय की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि स्वयंसेवकों का यह अभियान शक्तिनगर और आसपास के क्षेत्रों में सकारात्मक प्रभाव डालेगा। विशिष्ट अतिथि समाजसेवी गुलाब सिंह ने भी विश्वविद्यालय के इस प्रयास की सराहना करते हुए सहयोग का आश्वासन दिया।
रैली निकालकर दिया जागरूकता संदेश
कार्यक्रम की अध्यक्षता परिसर प्रभारी डॉ. प्रदीप कुमार यादव ने की। उन्होंने कहा, “जिस ओर जवानी चलती है, उस ओर जमाना चलता है।” उन्होंने युवाओं से समाज में सकारात्मक परिवर्तन का नेतृत्व करने का आह्वान किया। शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने बैनर और पोस्टर के साथ पैदल मार्च निकाला। रैली एमजीआर बस्ती होते हुए बस स्टैंड तक पहुंची और नशा मुक्ति के नारे लगाए। इसके बाद रैली पुनः विश्वविद्यालय परिसर में आकर समाप्त हुई।
कार्यक्रम का संचालन कार्यक्रम अधिकारी डॉ. विनोद कुमार पाण्डेय एवं डॉ. छोटेलाल प्रसाद ने संयुक्त रूप से किया। रैली में पुष्पा, अमीषा, चित्रा, खुशी, कुमकुम, ज्योति, नीरज, समीर, आशुतोष, हिमांशु, शाल्वी, ममता, गरिमा सहित बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया।



