होली पर सख्त प्रशासन, सोशल मीडिया पर रहेगी नजर
Strict administration on Holi, social media will be monitored

नेशनल प्रेस टाइम्स ब्यूरो।
जामताड़ा। समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई प्रशिक्षण भवन में आगामी होली पर्व 2026 को लेकर केंद्रीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी जामताड़ा रवि आनंद ने की। उन्होंने जिलेवासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए अपील की कि पर्व को मर्यादा, संयम और शांतिपूर्ण माहौल में मनाया जाए। रमजान माह को देखते हुए सभी समुदायों से आपसी सौहार्द बनाए रखने की भी अपील की गई। उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी। बिना सत्यापन के भड़काऊ पोस्ट करने या शेयर करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। होली के दिन ड्राई डे रहेगा और शराब की बिक्री पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी। जबरन रंग लगाने, हुड़दंग, छेड़खानी और अभद्र गीतों पर सख्ती से रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। ऑर्गेनिक गुलाल के प्रयोग की अपील भी की गई। पुलिस अधीक्षक राज कुमार मेहता ने कहा कि जिले में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद रहेगी, सीसीटीवी और क्यूआरटी टीम सक्रिय रहेगी। वहीं अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार ने विधि व्यवस्था को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


