गाजियाबाद

रंगों और रिश्तों की अनूठी मिसाल बना एक्टिव जर्नलिस्ट एसोसिएशन ट्रस्ट का होली मिलन समारोह

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
गाजियाबाद :  होली के पावन पर्व पर एक्टिव जर्नलिस्ट एसोसिएशन ट्रस्ट द्वारा राजनगर सेक्टर-4 स्थित कम्युनिटी सेंटर हॉल में भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। यह आयोजन केवल एक उत्सव भर नहीं था, बल्कि पत्रकार बिरादरी के बीच आपसी प्रेम, एकजुटता और सौहार्द का सशक्त संदेश लेकर आया। कार्यक्रम में सैकड़ों पत्रकार अपने परिवारों सहित शामिल हुए और पूरे उत्साह के साथ रंगों के इस पर्व को हर्षोल्लास के साथ धुमधाम से मनाया।
समारोह की अध्यक्षता संगठन की अध्यक्ष अपूर्वा चौधरी ने की। अपने संबोधन में उन्होंने होली की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि मन के मैल को मिटाकर नए रिश्ते जोड़ने और सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ने का अवसर है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पत्रकारिता का क्षेत्र संघर्षों और चुनौतियों से भरा है, लेकिन ऐसे आयोजन हमें यह एहसास कराते हैं कि हम सब एक परिवार का हिस्सा हैं। हमारी एकता और आपसी सहयोग ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने पत्रकार साथियों से सत्य और निष्पक्षता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा संगठन के माध्यम से एक-दूसरे का सहयोग करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन ललित चौधरी ने प्रभावी और ऊर्जावान शैली में किया। उन्होंने पूरे समारोह को जीवंत बनाए रखा और सभी अतिथियों का आत्मीय स्वागत किया।
समारोह में अनेक विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे, जिनमें निगम उपाध्यक्ष प्रवीन चौधरी, पूर्व राज्यमंत्री सच्चिदानन्द पोखरियाल, एसबीएन ग्रुप की चेयरपर्सन पुष्पा रावत, डायरेक्टर तरुण रावत, सुप्रसिद्ध संगीतकार अचल मिश्रा, वरिष्ठ समाजसेवी हरेंद्र चौधरी, पार्षद उमेश नागर, मोहन लाल गौड़ सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने शिरकत की। उनकी उपस्थिति ने कार्यक्रम की गरिमा को और बढ़ा दिया। कार्यक्रम में
वक्ताओं ने पत्रकारिता की  भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और समाज के विकास में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। निगम उपाध्यक्ष प्रवीन चौधरी ने कहा कि पत्रकारों की एकजुटता शहर के विकास और जनसमस्याओं के समाधान में सहायक सिद्ध होती है। पुष्पा रावत ने शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में मीडिया की भागीदारी की सराहना की। तरुण रावत ने सामाजिक समरसता को मजबूत करने पर बल दिया, जबकि अचल मिश्रा ने अपने मधुर गीतों से समां बांध दिया। महाराणा प्रताप सेना के प्रदेश अध्यक्ष प्रितपाल सिंह खोसला और पश्चिमी उत्तर प्रदेश अध्यक्ष मोहित चौधरी ने भी आयोजन की प्रशंसा करते हुए इसे सामुदायिक सद्भाव को बढ़ाने वाला बताया।
कार्यक्रम की सफलता में संगठन के पदाधिकारियों और सदस्यों की अहम भूमिका रही। महामंत्री पंकज शर्मा ने समन्वय की जिम्मेदारी निभाई। सुमन मिश्रा, देव वर्मा, मनोज तोमर, राजीव सिंह, सतीश कुमार, पवन चौधरी, बृज भूषण, गौरव सिंघल और गाजियाबाद जिला अध्यक्ष विकास कुमार सहित सभी सहयोगियों ने व्यवस्थाओं से लेकर अतिथि सत्कार और मंच संचालन तक हर जिम्मेदारी को बखूबी निभाया।
समारोह में रंग-गुलाल के साथ गीत-संगीत और नृत्य का आनंद भी लिया गया। पत्रकार साथियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर गले मिलते हुए भाईचारे का संदेश दिया। उपस्थित लोगों ने इसे यादगार आयोजन बताया और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों की अपेक्षा जताई।
महामंत्री पंकज शर्मा ने कहा कि एक्टिव जर्नलिस्ट एसोसिएशन ट्रस्ट पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और स्वतंत्रता के लिए सतत कार्यरत है। संगठन समय-समय पर पत्रकारों की समस्याओं को उठाता है और उन्हें कानूनी एवं सामाजिक सहयोग प्रदान करता है। अध्यक्ष अपूर्वा चौधरी के नेतृत्व में संगठन ने पत्रकार हितों से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर आवाज बुलंद की है।
कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। समारोह में अर्णव चौधरी, राकेश पाण्डेय, अमरजीत कुशवाहा, आकाश गौड़, सूरज कुमार, सुशील शर्मा, ऋषभ तोमर, प्रीति मिश्रा, साक्षी ठाकुर, अरविंद यादव, समर सिंह राणा, एसके रस्तोगी सहित सैकड़ों पत्रकार साथी उपस्थित रहे।
यह आयोजन रंगों के उत्सव के साथ-साथ पत्रकार एकता, सामाजिक सद्भाव और संगठनात्मक मजबूती का जीवंत उदाहरण बनकर सामने आया।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button