
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
अमरोहा : हसनपुर नगर के पुराने डाकखाने के निकट स्थित प्राचीन होलिका स्थल पर श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत नजारा देखने को मिला। होली के पावन पर्व की शुरुआत करते हुए स्थानीय मोहल्ला वासियों ने पूरी आस्था के साथ होलिका मैय्या का पूजन किया। सोमवार की सुबह से पुराने डाकखाने के पास पूजन का सिलसिला शुरू हो गया। नगर की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सज-धजकर टोलियों के रूप में पूजा स्थल पर पहुंचकर विधि-विधान से पुजा अर्चना की। होलिका की परिक्रमा करते हुए श्रद्धालुओं ने कच्चा सूत बांधकर सुख-शांति की कामना की। साथ ही , उपले और फल-फूल गेहूं की बाली अर्पित कर प्रकृति का आभार जताया।इस दौरान बुजुर्गों ने बताया कि पुराने डाकखाने के पास होने वाली यह पूजा पूरे मोहल्ले को एकता के सूत्र में पिरोती है। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल भी मुस्तैद रहा। शुभ मुहूर्त में होलिका दहन किया जाएगा ।




