
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
हापुड (यूपी) : हापुड़ में आगामी होली पर्व से पहले आबकारी विभाग ने अवैध शराब माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। हापुड़ जनपद के कई स्थानों पर एक साथ ताबड़तोड़ दबिश देकर आबकारी विभाग ने कच्ची जहरीली शराब के बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश किया है।
गढ़ तहसील क्षेत्र में दबिश के दौरान करीब 100 किलो से अधिक कच्ची जहरीली शराब बरामद की गई है जबकि 1,000 किलो से अधिक लहन को मौके पर ही नष्ट किया गया। इसके साथ ही अवैध कच्ची शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले भारी मात्रा में उपकरण भी आबकारी विभाग ने जब्त किए हैं।
आबकारी टीम ने इस कार्रवाई में दो शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह कच्ची जहरीली शराब होली के त्योहार को ध्यान में रखकर तैयार की जा रही थी, ताकि अवैध रूप से जनता में खपत कराई जा सके। यह पूरी कार्रवाई गढ़मुक्तेश्वर तहसील क्षेत्र के रामपुर नियामतपुर गांव में की गई, जहां घरों के अंदर कच्ची जहरीली शराब तैयार की जा रही थी। आबकारी विभाग ने साफ किया है कि त्योहारों के मद्देनज़र ऐसी कार्यवाहियां आगे भी जारी रहेंगी और अवैध शराब के कारोबार पर सख्ती से शिकंजा कसा जाएगा।
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि कच्ची और जहरीली शराब का सेवन जानलेवा हो सकता है। अवैध शराब के निर्माण, बिक्री या परिवहन में शामिल पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्यवाही की जाएगी।



