शामली

ठेके का ताला तोड़कर नगदी व शराब पर हाथ साफ

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
चौसाना। कस्बे के बाइपास स्थित गंगोह मैन रोड पर अंग्रेजी शराब के ठेके का ताला तोड़कर अज्ञात चोरों ने लाखों रुपये की नगदी और शराब पर हाथ साफ कर दिया। वारदात देर रात की बताई जा रही है और पूरी घटना ठेके पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मामले में ठेका संचालक पक्ष की ओर से पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की गई है।
बुधवार की रात कस्बे के बाइपास पर गंगोह मैन रोड स्थित अंग्रेजी शराब के ठेके पर अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने दुकान के शटर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखे गल्ले से करीब एक लाख दस हजार रुपये की नगदी तथा फ्रिज में रखी लगभग सवा लाख रुपये कीमत की शराब चोरी कर ली।
बताया गया कि यह ठेका महेंद्री के नाम से संचालित हो रहा है। यहां बिक्री के लिए दो सेल्समैन प्रदीप और ऋषिपाल तैनात हैं। दोनों सेल्समैन ने बताया कि वे रोजाना रात करीब दस बजे दुकान बंद करके घर चले जाते हैं। गुरुवार सुबह जब वे दुकान पर पहुंचे तो शटर का ताला टूटा मिला और अंदर रखा गल्ला खाली पड़ा था। इसके बाद मामले की जानकारी ठेका संचालक को दी गई।
 आमतौर पर वे दुकान की नकदी साथ ले जाते हैं, लेकिन बुधवार को किसी पारिवारिक कार्यक्रम के चलते नगदी वहीं रह गई थी। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दे दिया। ठेके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में चोर शटर तोड़कर अंदर घुसते और गल्ले से पैसे व फ्रिज से शराब निकालते दिखाई दे रहे हैं।
घटना के बाद महेंद्री के पति चंद्रमोहन ने चौसाना चौकी पर अज्ञात चोरों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
चौकी प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि ठेके पर हुई चोरी की सूचना मिली है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा।
Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button