
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। शहर के कटरा बाजार क्षेत्र में बेजुबान कुत्तों को लाठी डंडों से मारने का गंभीर मामला सामने आया है। इस संबंध में स्थानीय निवासी ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कटरा बाजार निवासी अजितेश जैन (सोनू भारती) पुत्र अजीत कुमार जैन ने जिलाधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि एक अधेड़ व्यक्ति जिनकी दुकान कटरा बाजार में है, पिछले कई वर्षों से मोहल्ले के कुत्तों को लाठी – डंडों से मार रहे हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार 29 जनवरी 2026 को भी उन्होंने इसी प्रकार करीब एक माह के दो पिल्लों को मार दिया, जिसमें एक पिल्ले की मौके पर ही मौत हो गई थी और दूसरे की 31 जनवरी को मृत्यु हो गई। पीडि़त पक्ष का कहना है कि इस मामले की शिकायत पहले भी की जा चुकी है, लेकिन कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि 4 मार्च 2026 को दोपहर करीब 2.30 बजे आरोपी ने फिर एक कुत्ते को लाठी से पीटकर मार डाला, जिसकी सीसीटीवी वीडियो भी मौजूद होने का दावा किया गया है। इस संबंध में उसी दिन सदर कोतवाली में भी शिकायत दर्ज कराई गई है। शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि बेजुबान पशुओं के साथ हो रही इस क्रूरता को देखते हुए आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं पर रोक लग सके।


