
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। सीएमओ कार्यालय सभागार में आगामी कुष्ठ रोगी खोजी अभियान के दृष्टिगत प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत 9 मार्च से 23 मार्च तक चलने वाले अभियान की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सीएमओ डा.इम्तियाज अहमद ने अभियान के सफल संचालन के लिए माइक्रो प्लान तैयार करने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य टीमें घर-घर जाकर संभावित कुष्ठ रोगियों की पहचान करें और उन्हें शीघ्र उपचार उपलब्ध कराया जाए। जिला कुष्ठ रोग अधिकारी डा.प्रदीप सिंह यादव ने बताया कि यह अभियान कुष्ठ रोग के सक्र्रिय मामलों की जल्द पहचान करने, समय पर इलाज शुरू करने और संक्रमण की श्रृंखला को तोडऩे के उद्देश्य से चलाया जाता है। अभियान के दौरान आशा कार्यकर्ताओं द्वारा पल्स पोलियो की तर्ज पर घर-घर जाकर संदिग्ध मरीजों की जांच की जाएगी, जिससे वर्ष 2027 तक कुष्ठ मुक्त भारत के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सके। उन्होंने बताया कि यदि कोई व्यक्ति कुष्ठ रोग से संक्रमित पाया जाता है तो उसे बहु औषधि चिकित्सा (एमडीटी) के माध्यम से नि:शुल्क उपचार प्रदान किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य विकलांगता को रोकना, समाज में जागरूकता बढ़ाना और कुष्ठ रोग के प्रसार को शून्य स्तर तक लाना है। साथ ही चिन्हित मरीजों को स्व-देखभाल किट, सहायक उपकरण और आवश्यक होने पर रिकंस्ट्रक्टिव सर्जरी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रशिक्षण के दौरान उप जिला कुष्ठ अधिकारी डा.सौरभ सक्सेना ने कुष्ठ रोग के लक्षण, पहचान और उपचार के बारे में विस्तृत जानकारी दी तथा अभियान को सफल बनाने के लिए सभी से सहयोग की अपील की। कार्यक्रम में विभिन्न ब्लॉकों से आए चिकित्सक, बीपीएम, बीसीपीएम, कुष्ठ कार्य से जुड़े कर्मचारी, एनएमए बालकिशन सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


