नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
ललितपुर। जिले के बेरोजगार युवक-युवतियों के लिए रोजगार पाने का सुनहरा अवसर आने वाला है। 11 मार्च 2026 को नेहरू महाविद्यालय में सुबह 10 बजे से एक दिवसीय वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले में देश और प्रदेश की लगभग 40 प्रतिष्ठित कंपनियों के शामिल होने की संभावना है, जो विभिन्न पदों पर भर्ती करेंगी। जिला सेवायोजन अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि रोजगार मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई, पॉलीटेक्निक डिप्लोमा तथा बीटेक सहित तकनीकी और गैर-तकनीकी योग्यताओं वाले अभ्यर्थी भाग ले सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में शामिल होने के लिए पहले रोजगार संगम पोर्टल पर जॉब सीकर के रूप में अपना पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद अभ्यर्थियों को इच्छित कंपनी में ऑनलाइन आवेदन भी करना अनिवार्य होगा। जिला सेवायोजन कार्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि उनके माध्यम से आयोजित रोजगार मेलों में कंपनियों की चयन प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क होती है। किसी भी अभ्यर्थी से नौकरी दिलाने के नाम पर किसी प्रकार का शुल्क या सिक्योरिटी डिपॉजिट नहीं लिया जाता है। यदि किसी अभ्यर्थी से फर्जी ई-मेल, एसएमएस या फोन कॉल के माध्यम से पैसे की मांग की जाती है तो उस पर विश्वास न करें और न ही ऑनलाइन या ऑफलाइन कोई राशि जमा करें। ऐसी किसी भी संदिग्ध स्थिति में अभ्यर्थी सीधे जिला सेवायोजन कार्यालय ललितपुर से संपर्क कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने अधिक से अधिक युवाओं से इस रोजगार मेले में भाग लेकर अवसर का लाभ उठाने की अपील की।



