ललितपुर
टाटा सफारी से बकरी चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, दो गिरफ्तार
अवैध तमंचा, कारतूस और चोरी की दो बकरियों समेत लग्जरी गाड़ी बरामद

थाना बार पुलिस की बड़ी सफलता
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बार पुलिस ने बड़ी सफलता हांसिल करते हुए बकरी चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो बकरियां, एक अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त टाटा सफारी गाड़ी बरामद की है। गौरतलब है कि बीती 6 मार्च को थाना बार में शिकायत दर्ज कराई गयी थी कि अज्ञात चोरों ने उसकी दो बकरियां चोरी कर ली हैं। घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक मो. मुश्ताक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक कालू सिंह व क्षेत्राधिकारी तालबेहट आशीष मिश्रा के पर्यवेक्षण में तीन टीमें गठित की गई थीं। सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मैन्युअल साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने शनिवार को दो अभियुक्तों में ग्राम मैलवाराखुर्द निवासी जमील खान उर्फ मुज्जी और जगदीश राय को हिरासत में लिया है। पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि उनका एक संगठित गिरोह है, जो ऐश-ओ-आराम की जिंदगी जीने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देता है। अभियुक्तों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पहले ग्राम बसतगुवां में परशुराम के घर की रेकी की थी, जहां बकरियां बाहर बंधी रहती थीं। योजना के मुताबिक, वह रात में अपनी टाटा सफारी गाड़ी लेकर आए और बकरियां चोरी कर ले गए। शनिवार को वह इन बकरियों को बेचने की फिराक में थे, तभी पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने दोनों के पास से 02 चोरी की बकरियां, 01 अवैध तमंचा (315 बोर) व जिंदा कारतूस, घटना में प्रयुक्त 01 टाटा सफारी गाड़ी बरामद की है। पुलिस ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्तों का पुराना अपराधिक इतिहास भी रहा है। जमील खान के विरुद्ध पूर्व में भी चोरी और शस्त्र अधिनियम के कई मामले दर्ज हैं, वहीं जगदीश राय पर मारपीट और एससी/एसटी एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। सफलतापूर्वक गिरफ्तारी करने वाली टीम का नेतृत्व थानाध्यक्ष बार अजमेर सिंह ने किया। पुलिस ने अभियुक्तों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं सहित शस्त्र अधिनियम (3/25 शस्त्र अधिनियम) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।



