हजारीबाग
टेम्पू चोरी गिरोह का 24 घंटे में पर्दाफाश, 3 शातिर गिरफ्तार – चोरी का टोटो बरामद।
ओरमांझी से बरामद हुआ चोरी का टेम्पू, आरोपियों पर कई जिलों में दर्ज हैं आपराधिक मामले

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो।
हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र में टेम्पू चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने इस मामले में तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर चोरी किया गया टोटो/टेम्पू बरामद कर लिया है। मिली जानकारी के अनुसार बरहमोरिया निवासी सुरेन्द्र यादव ने चौपारण थाना में आवेदन देकर बताया था कि उनका तीन पहिया टोटो (रजिस्ट्रेशन संख्या JH02-BX-4189) 6 मार्च की रात उनके घर के पास से चोरी हो गया। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन की तरह टोटो चालक ने वाहन चलाने के बाद घर पर खड़ा किया था, लेकिन रात में अज्ञात चोर उसे लेकर फरार हो गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए चौपारण थाना में कांड संख्या 56/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चोरी गए टोटो को ओरमांझी थाना क्षेत्र से बरामद कर लिया। इस दौरान चोरी में शामिल तीन आरोपियों – प्रकाश कुमार, राजा कुमार और गौतम कुमार – को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी शातिर अपराधी हैं और पहले भी कई बार जेल जा चुके हैं। इनके खिलाफ कोडरमा जिले के विभिन्न थानों में वाहन चोरी से जुड़े कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी किया गया महिंद्रा कंपनी का टोटो, उसका चार्जर और एक अपाचे बाइक भी बरामद की है। इस कार्रवाई में बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजित कुमार विमल, पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर कुमार, चौपारण थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की भी तलाश की जा रही है और पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है।



