ललितपुर
तुवन मंदिर में बहेगी भक्ति की रसधार
आज से श्रीमद्भागवत कथा और पार्थिव शिवलिंग निर्माण का भव्य आयोजन

नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
ललितपुर। धर्मनगरी ललितपुर के प्रसिद्ध श्रीतुवन मंदिर प्रांगण में आगामी 8 मार्च से एक भव्य धार्मिक महोत्सव का आयोजन होने जा रहा है। स्मृतिशेष पवन कुमार जैन नौरहकलां (पूर्व पार्षद एवं रेलवे ठेकेदार) की पुण्य स्मृति में नौरहकलां परिवार द्वारा श्रीमद्भागवत महापुराण सप्ताह ज्ञान यज्ञ एवं सप्तदिवसीय पार्थिव शिवलिंग निर्माण का आयोजन किया जा रहा है। इस धार्मिक अनुष्ठान का विधिवत शुभारंभ रविवार 8 मार्च 2026 को सुबह 10.30 बजे भव्य विशाल कलश यात्रा के साथ होगा, जो श्री तुवन मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होगी। आयोजन केसंरक्षक महंत रामलखनदासजी महाराज (उत्तराधिकारी महंत, श्री तुवन मंदिर) रहेंगे। आयोजन में पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं रुद्राभिषेक प्रतिदिन सुबह 7 बजे से 11 बजे तक होगा। इसके साथ ही श्रीमद्भागवत कथा प्रतिदिन दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक। कथा व्यास के रूप में अयोध्या धाम के ओजस्वी वक्ता स्वामी बाल भरत जी महाराज अपने श्रीमुख से अमृत वर्षा करेंगे। ज्ञान अमृत वर्षा कार्यक्रम में सायं 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक, जिसमें आचार्यश्री कामता प्रसादजी महाराज (प्रयागराज) द्वारा भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी। कथा के दौरान प्रतिदिन विभिन्न प्रसंगों पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम और झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी, जिनमें मेक इन इंडिया, स्वच्छता अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ और नारी सशक्तिकरण जैसे सामाजिक संदेश भी शामिल रहेंगे। 11 मार्च को कवि सम्मेलन और 15 मार्च को सायं 4 बजे से विशाल भंडारे के साथ कार्यक्रम की पूर्णाहुति होगी। आयोजक साधना जैन, समीक्षा जैन, प्रतीक जैन एवं समस्त नौरहकलां परिवार (रेलवे ठेकेदार, ललितपुर) ने सभी धर्मप्रेमी जनता से सपरिवार पधारकर धर्म लाभ लेने की अपील की है। आयोजन के सफल आयोजन को लेकर महन्त रामलखनदासजी महाराज ने प्रेस वार्ता कर अपनी शुभकामनाएं दीं हैं। यह जानकारी पत्रकार रवि जैन चुनगी ने दी है।



