गोड्डा
पथरगामा में किसानों को दिया गया दो दिवसीय प्रशिक्षण
आधुनिक खेती और बीज उपचार की दी गई जानकारी

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
पथरगामा। प्रखंड अंतर्गत कृषि तकनीकी सूचना केंद्र पथरगामा में जिला कृषि पदाधिकारी सह परियोजना निदेशक आत्मा, गोड्डा के निर्देशन में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन योजना के तहत दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण का संचालन प्रखंड तकनीकी प्रबंधक पवन कुमार कापरी द्वारा किया गया।
कार्यक्रम में किसानों को संबोधित करते हुए पवन कुमार कापरी ने किसान समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री कुसुम योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म सिंचाई योजना, कृषि ऋण माफी योजना, कृषक पाठशाला तथा कृषक प्रदर्शन (प्रदर्शन) जैसी योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर कृषि को लाभदायक बनाने का आह्वान किया। वहीं, कृषि विज्ञान केंद्र, गोड्डा के वैज्ञानिक डॉ. हेमंत चौरसिया ने जैविक विधि से बीज उपचार की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने बीजामृत बनाने की विधि समझाते हुए कहा कि जैविक तरीके से बीज उपचार करने से फसलों में रोग लगने की संभावना कम हो जाती है। साथ ही खेत की उर्वरता बनाए रखने के लिए रासायनिक खाद के स्थान पर घन जीवामृत के उपयोग पर भी जोर दिया।
सहायक समन्वयक एग्री क्लीनिक, गोड्डा के कुमार अनुराग ने किसानों को मिट्टी जांच के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि मिट्टी में कुल 17 प्रकार के पोषक तत्व पाए जाते हैं, जिनकी सही जानकारी होने से किसान फसल उत्पादन को बेहतर बना सकते हैं। डॉ. चौरसिया ने किसानों को सलाह दी कि बीज उपचार कर ही बुवाई करें और पौधों को उचित दूरी पर लगाएं, जिससे फसल की बेहतर वृद्धि और अधिक उपज प्राप्त हो सके। मौके पर मनोज कुमार साह, अशोक कुमार सिंह, सिकंदर भगत, ललिता कुमारी, मीरा देवी, पीतांबर महतो, माला कुमारी, मनोहर महतो, श्यामलाल ठाकुर, राधाकांत रमानी सहित काफी संख्या में किसान उपस्थित थे।



