कैराना
स्मैक तस्करों की तलाश में दिल्ली क्राइम ब्रांच की कैराना व कांधला में दबिश
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। स्मैक तस्करी के मामले में दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने शनिवार देर शाम कैराना और कांधला क्षेत्र में दबिश दी। टीम गिरफ्तार आरोपी को साथ लेकर आई थी और उसकी निशानदेही पर संभावित ठिकानों पर छापेमारी की गई, लेकिन आरोपी पहले ही फरार हो गए। इसके चलते पुलिस टीम को खाली हाथ लौटना पड़ा।
जानकारी के अनुसार दिल्ली क्राइम ब्रांच के एएसआई कृष्णपाल पुलिस टीम के साथ कैराना कोतवाली पहुंचे। यहां उन्होंने आमद दर्ज कराने के बाद अपने साथ लाए एनडीपीएस एक्ट के आरोपी साबिर निवासी पडेरा, जिला बरेली की निशानदेही पर कैराना कोतवाली पुलिस को साथ लेकर गांव मंडावर में महसर के घर दबिश दी। इसके अलावा टीम ने थाना कांधला क्षेत्र के गांव हाजीपुरा में भी एक अन्य आरोपी की तलाश में छापेमारी की। हालांकि दोनों स्थानों पर आरोपी पहले ही फरार हो चुके थे, जिसके चलते पुलिस को कोई सफलता नहीं मिल सकी। दबिश के बाद दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार आरोपी साबिर का मेडिकल कैराना के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कराया और इसके बाद दिल्ली के लिए रवाना हो गई। बताया जा रहा है कि दिल्ली क्राइम ब्रांच थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत अवैध स्मैक बरामदगी के मामले में मुकदमा दर्ज है। इसी मामले में पुलिस ने बरेली निवासी आरोपी साबिर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उसके दो अन्य साथियों के नाम सामने आए हैं, जिनमें मंडावर निवासी महसर और कांधला थाना क्षेत्र के गांव हाजीपुरा का एक व्यक्ति शामिल बताया जा रहा है। दिल्ली से आई पुलिस टीम में एएसआई कृष्णपाल के साथ हेड कांस्टेबल सोनू तोमर और हेड कांस्टेबल राजेश भी शामिल रहे।

