
नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बालाघाट(म0प्र0) : बालाघाट में 4 मार्च को एक युवक आयुष बैस से लूटपाट की घटना सामने आई है। ऑटो से आए चार युवकों ने पहले युवक से शराब के लिए पैसे मांगे। जब आयुष ने पैसे देने से मना किया, तो आरोपियों ने उसे जबरदस्ती ऑटो में बैठाकर डेंजर रोड स्थित एक सुनसान जगह पर ले गए।
वहां चारों आरोपियों ने चाकू की नोक पर आयुष से मोबाइल फोन, पर्स और उसमें रखे 2500 रुपए छीन लिए। इस घटना के तीन दिन बाद, पीड़ित आयुष बैस ने 7 मार्च को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस को उस ऑटो का नंबर भी बताया, जिसमें आरोपी उन्हें ले गए थे।
*पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया*
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर पीड़ित की ओर से बताए गए ऑटो नंबर एमपी 50 आर 0639 की तलाश शुरू की। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
*आरोपियों के पास से चाकू, पर्स और मोबाइल फोन बरामद*
पुलिस के अनुसार, आरोपी कलीम पर बालाघाट में 10 और छिंदवाड़ा में 5, कादिर पर 8, और जोहेब शेख उर्फ जुब्बु और करम उर्फ सोनू पर दो-दो आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से लूट में इस्तेमाल किया गया चाकू, पर्स और मोबाइल फोन बरामद किया है।
पुलिस ने चारों आरोपियों कलीम उर्फ सलीम अली, रजा नगर निवासी कादिर (पिता बसीर खान, 20 वर्ष), जोहेब शेख उर्फ जुब्बु (पिता जाकिर शेख, 22 वर्ष) और भटेरा चौकी निवासी करम उर्फ सोनू (पिता मिलिंद कावड़े) को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।
आरोपियों को गिरफ्तार करने में उपनिरीक्षक गौरव धुर्वे, संजयसिंह किरार, सहायक उपनिरीक्षक भुनेश ठाकरे, प्रधान आरक्षक गजेंद्र माटे, आरक्षक शेख शहजाद, हेमंत बसेने और प्रियांक श्रीवास की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
*इन्होने कहा:-*
“पुलिस ने ऑटो के साथ रजा नगर निवासी कलीम उर्फ सोनू उर्फ सलीम (पिता अख्तर अली) को गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ के आधार पर लूट में शामिल दो अन्य आरोपियों को कब्रिस्तान से और एक आरोपी को पावर हाउस से पकड़ा गया।”
*कामेश धूमकेती*
कोतवाली थाना प्रभारी




