बाइक सवार दो मासूम बच्चों के साथ 6 फुट गहरे नाले में गिरा…
राहगीरों ने कड़ी मशक्कत के बाद सभी को नाले से निकाला...

नेशनल प्रेस टाइम्स , ब्यूरो
घटना सीसीटीवी कैमरे में हुई कैद…
अधिशाषी अधिकारी ने जल्द नाले को बंद करवाने की बात स्वीकारी….
हापुड़ (यूपी) – हापुड़ जिले में खुले नालों को लेकर बड़ी लापरवाही सामने आई है। पिलखुआ नगरपालिका क्षेत्र के मुख्य बाजार रोड पर एक बाइक सवार युवक अपने दो मासूम बच्चों के साथ 6 फुट गहरे खुले नाले में गिर गया। बाइक सवार के साथ दो मासूम बच्चे भी नाले में जा गिरे । गनीमत रही कि आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत तीनों को नाले से बाहर निकाल लिया। पूरा परिवार बाइक समेत नाले में गिरा था। घटना पास लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई ।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस खुले नाले को लेकर नगर पालिका के अधिशाषी अधिकारी इंद्रपाल सिंह से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। मुख्य बाजार जैसे व्यस्त इलाके में खुले नाले लगातार हादसों को न्योता दे रहे हैं और इससे पहले भी कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं।
वहीं नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी इंद्रपाल सिंह का कहना है कि जिस नाले में बाइक सवार गिरा था, वहां निर्माण कार्य चल रहा है। फिलहाल नाले को कवर करने का काम जारी है और इसे नेशनल हाईवे-9 तक कवर किया जाएगा। इसके बाद दूसरी तरफ के नाले को भी ढका जाएगा। उन्होंने बताया कि नगर पालिका शहर के खुले नालों को चरणबद्ध तरीके से कवर कराने का प्रयास कर रही है ताकि भविष्य में ऐसे हादसे न हों।



