
नेशनल प्रेस टाइम्स,ब्यूरो।
कैराना। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन सवेरा : नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर’ के तहत कैराना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने एक मादक पदार्थ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 200 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार सहारनपुर परिक्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार, प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी और बिक्री पर प्रभावी रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक शामली एन.पी. सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुमित शुक्ला के नेतृत्व तथा क्षेत्राधिकारी कैराना हेमन्त कुमार के पर्यवेक्षण में मुखबिर खास की सूचना पर कैराना कोतवाली पर तैनात उपनिरीक्षक गौरव चौहान ने रविवार रात पुलिस टीम को साथ लेकर कस्बे की नई बस्ती काजी का बाग निवासी स्मैक तस्कर सोनू उर्फ इनाम पुत्र नसीर को गिरफ्तार कर लिया। उक्त तस्कर की तलाशी लेने पर उसके पास से 200 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई हैं। जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना कैराना में आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 161/26 धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसके नशे के अवैध कारोबार से जुड़े फॉरवर्ड व बैकवर्ड लिंक की भी जांच की जा रही है, ताकि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचा जा सके। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है। गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कैराना थाने में चोरी और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक गौरव चौहान, हेड कांस्टेबल जितेंद्र कुमार, कांस्टेबल सचिन और कांस्टेबल भानू शामिल रहे।
