बरेली
बरेली बवाल में मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर के करीबी के भाई का सरेंडर

नेशनल प्रेस टाइम्स, ब्यूरो
बरेली। जिले में हुए हिंसक बवाल और पुलिस पर फायरिंग के मामले में जांच कर रही टीमों के दबाव का बड़ा असर दिखा है। बवाल के दौरान दंगाइयों को अवैध हथियारों की सप्लाई करने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह के सरगना और हिस्ट्रीशीटर इशरत अली ने कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया है। इशरत अली का कनेक्शन सीधे तौर पर इत्तेहाद-ए-मिल्लत काउंसिल (IMC) के प्रमुख मौलाना तौकीर रजा के करीबियों से जुड़ रहा है, जिससे इस पूरे बवाल के पीछे एक सुनियोजित साजिश की बू आ रही है।
तौकीर रजा के करीबी से कनेक्शन
पुलिस की पड़ताल में सामने आया है कि हिस्ट्रीशीटर इशरत अली, मौलाना तौकीर रजा के बेहद खास माने जाने वाले फरहत अली का सगा भाई है। फरहत अली वही व्यक्ति है जिसने बवाल के बाद मौलाना को अपने घर ‘फाइक इंक्लेव’ में शरण दी थी और वह मौलाना के साथ जेल भी जा चुका है।
रिमांड पर लेकर होगी पूछताछ
सीओ बहेड़ी, अरुण कुमार सिंह ने बताया कि इशरत अली की गिरफ्तारी हथियार सप्लाई के मामले में बेहद महत्वपूर्ण है। पुलिस अब उसे कस्टडी रिमांड पर लेने के लिए कोर्ट में अर्जी दाखिल करेगी। रिमांड के दौरान उससे यह उगलवाया जाएगा कि बवाल के लिए हथियार खरीदने की फंडिंग किसने की थी और बरेली में किन-किन लोगों को ये अवैध हथियार बांटे गए थे। पुलिस को अंदेशा है कि उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर (किच्छा) के कुछ सफेदपोश लोग भी इस अवैध हथियारों के सिंडिकेट से जुड़े हुए हैं।


